असनहरा (बस्ती)। हिन्दुस्तान संवाद
सोनहा थाना क्षेत्र के अमारेडीहा ग्राम पंचायत के उत्तर डीह पर बरामदे में लगी धरन में बधी रस्सी के सहारे संदिग्द्ध हालत में युवक का लटकता हुआ शव मिला। परिजनों ने युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की बात कही। सूचना पर पहुंची सोनहा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसएचओ अटल बिहारी ठाकुर ने कहा कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह पता चल पाएगी।
अमारेडीहा गांव के उत्तर डीह निवासी अशरफी चौधरी के तीन पुत्र ओमप्रकाश, जयप्रकाश व सुनील कुमार एक ही स्थान पर कई वर्षो से अलग-अलग मकान में रहते है। पुलिस के अनुसार रविवार रात करीब आठ बजे जय प्रकाश के घर के सामने कुत्ता भौंक रहा था। भगाने के लिए बड़े भाई ओमप्रकाश ने डंडा लेकर दौड़ाया। कुत्ता भागकर जय प्रकाश के बरामदे में चला गया। पीछे-पीछे ओमप्रकाश भी वहां पहुंच गए। वहां बरामदे में धरन से बंधी रस्सी के सहारे लटक रहे छोटे भाई जयप्रकाश (30) का शव देख अवाक रह गए।
उन्होंने घर के अन्य सदस्यों को जानकारी देते हुए ग्राम प्रधान के जरिए सोनहा पुलिस को सूचना दी। परिजनों के मुताबिक जय प्रकाश घर पर रहकर ही खेती करते थे। 13 वर्ष पूर्व शादी हुई थी। मंदबुद्धि होने के चलते पत्नी से हमेशा मनमुटाव रहता था। दोनों से जितेन्द्र नाम का एक नौ वर्षीय पुत्र भी है। साल भर पूर्व जय प्रकाश की पत्नी अचानक घर छोड़कर गायब हो गई तब से वह अवसाद में रहता था। जय प्रकाश अपने अलग घर में बेटे के साथ रहता था। पिता के फंदे पर लटकने के बाबत जितेन्द्र कुछ भी बताने से परहेज कर रहा है। वह गोलमोल जवाब देकर रोने लगता है। उधर मौत पर ग्रामीण तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं।