आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में न तो बिजली है न पानी की व्यवस्था
ग्रामीणों को प्राथमिक इलाज की सुविधा मुहैया कराने के लिए गांवों में संचालित ज्यादातर आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में बुनियादी सुविधा नहीं है। कई सेंटर में न तो बिजली है और न ही पानी। अधिकारियों द्वारा समय-समय पर जांच की जा रही है, परंतु स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है।

बस्ती। ग्रामीणों को प्राथमिक इलाज की सुविधा मुहैया कराने के लिए गांवों में संचालित ज्यादातर आयुष्मान आरोग्य मंदिरों (हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर) में बुनियादी सुविधा नहीं है। कई ऐसे सेंटर हैं, जहां न तो बिजली का कनेक्शन है और न ही वहां पानी की सुविधा है। कुछ सेंटर के बिजली के कनेक्शन का पैसा जमा होने के बाद भी कनेक्शन नहीं हो पा रहा है। कई सेंटर खेत के बीच में बना दिए गए हैं, जहां से आने जाने का रास्ता नहीं है। बरसात के समय वहां तक पहुंचना संभव नहीं रहता है। बुनियादी सुविधाएं न होने से जहां सीएचओ का वहां बैठना मुश्किल हो जाता है, वहीं मरीज भी आने से कतराते हैं। अधिकारियों की ओर से समय-समय पर जांच कर इसकी रिपोर्ट आला अधिकारियों को दी जा रही है।
बिजली और पानी की कमी
कप्तानगंज ब्लॉक के बिहरा गांव में संचालित सेंटर में कनेक्शन ही नहीं है। पोल और तार के लिए 22 हजार रुपये जमा कराए जा चुके हैं। करीब के एक मंदिर से तार खींचकर काम चलाया जा रहा था, जिसे कुछ समय पूर्व हटा दिया गया। बैहार गांव में बने सेंटर तक पहुंचने का रास्ता ही नहीं है। बीच खेत में भवन बनाकर छोड़ दिया गया है। विक्रमजोत के नगरा बदली, कुर्मी का पुरवा में खेत में भवन बना दिया गया है। कोई रास्ता नहीं है। विक्रमजोत ब्लॉक के एक सेंटर पर तो कटिया कनेक्शन से काम चलाया जा रहा है। विक्रमजोत ब्लॉक के ही घोड़सरा गांव में आंगनबाड़ी केंद्र में सेंटर चलता है। यहां न तो बिजली है न पानी की सुविधा है। विक्रमजोत के हिल्सी सेंटर में कनेक्शन नहीं है।
प्राइवेट जर्जर भवन में हो रहा है संचालन
विक्रमजोत ब्लॉक के अमोढ़ा कस्बे में किराये के एक कमरे में सेंटर का संचालन हो रहा है। हालत यह है कि यह कमरा घारी मालूम पड़ता है। एक ही कमरे में दवा व उपकरण भरे हुए हैं, वहां पर ठीक से बैठने तक की व्यवस्था नहीं है। कमरा काफी पुराना है। किराये के इस कमरे में पहले सब सेंटर चलता था। सब सेंटर अंयत्र चले जाने के बाद वहां हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर संचालित किया जा रहा है। शेरवाडीह में भी एक प्राइवेट भवन में सेंटर का संचालन किया जा रहा है।
नियमित पूछे जाने वाले प्रश्न
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


