Basti News: बस्ती में सीएनजी टैंकर से गैस का रिसाव, अफरातफरी मची
Basti News: बस्ती के कटरा आईटीआई के पास मंगलवार सुबह सीएनजी टैंकर से गैस रिसाव की सूचना मिली। चालक ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई। पुलिस और फायर ब्रिगेड तुरंत पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया, जिससे कोई हताहत नहीं हुआ। आसपास की बिजली आपूर्ति भी सावधानी के तहत बंद की गई।
Basti News: बस्ती, हिन्दुस्तान टीम। कोतवाली थानाक्षेत्र के कटरा स्थित आईटीआई के पास मंगलवार की सुबह करीब नौ बजे सीएनजी टैंकर से गैस लीकेज होने की सूचना से इलाके में अफरातफरी मच गई। टैंकर से गैस का रिसाव होते देख चालक मौके से भाग निकला और अपनी जान बचाई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। एहतियात के तौर पर आसपास की बिजली आपूर्ति भी बंद करा दी गई। बताया जा रहा है कि कटरा स्थित आईटीआई के पास इंडियन सीएनजी टैंकर गैस लेकर जा रहा था। इसी दौरान टैंकर से गैस का रिसाव होने लगा।
गैस का रिसाव देखकर चालक घबरा गया और तत्काल टैंकर को छोड़कर सुरक्षित स्थान की ओर भाग गया। देखते ही देखते मौके पर तेज आवाज के साथ गैस बड़ी तेजी से निकलने लगा। यह देख लोगों में दहशत का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड कर्मी आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गए। स्थानीय पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर आसपास के लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की हिदायत दी। किसी तरह की अनहोनी न हो, इसके लिए क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद करा दी गई। इससे कुछ समय के लिए आसपास के इलाके में विद्युत आपूर्ति प्रभावित रही। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने गैस रिसाव के कारणों की जांच करते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मौके पर लोगों की भीड़ जुटने के कारण पुलिस को उन्हें हटाने में भी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस और दमकल टीम की सतर्कता से स्थिति को नियंत्रित किया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीएनजी जैसी ज्वलनशील गैस के टैंकर से रिसाव की घटना गंभीर हो सकती थी। समय रहते पुलिस और फायर ब्रिगेड के पहुंचने से बड़ा हादसा टल गया। टैंकर चालक ने संबंधित अधिकारियों से फोन से बात कर घटना की जानकारी दी, अधिकारियों ने चालक को जरूरी सुझाव दिए और लीकेज को बंद कराया। चालक ने गैस लीकेज की स्थिति की जांच कर उस वाहन को फायर कर्मी को साथ लेकर सुरक्षित स्थान ओर लेकर चले गए।


