झोपड़ी में घुसी कार, दो भैंसों की मौत, उग्र ग्रामीणों का प्रदर्शन
Basti News - सोमवार रात कप्तानगंज में एक तेज रफ्तार कार बेलसड़ चौराहे पर अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकरा गई। हादसे में झोपड़ी में बंधी दो भैंसों की मौत हो गई। कार चालक मौके से भाग गया। ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया, पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और चालक की तलाश शुरू की।

कप्तानगंज। सोमवार की देर रात कप्तानगंज थाना क्षेत्र के बेलसड़ चौराहे पर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकरा गई और सड़क किनारे बनी झोपड़ी में जा घुसी। हादसे में झोपड़ी में बंधी दो भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद कार चालक अंधेरे और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर मौके से भाग गया। घटना रात करीब नौ बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद गांव के लोग उग्र होकर प्रदर्शन करने लगे. जानकारी के अनुसार कप्तानगंज से दुबौलिया की ओर जा रही कार बेलसड़ चौराहे के पास अचानक अनियंत्रित हो गई। पोल से टकराने के बाद कार पास की झोपड़ी में घुस गई, जिससे वहां बंधी दोनों भैंसें गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृत भैंसों की कीमत लगभग दो लाख रुपये बताई जा रही है। हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। पशुओं की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने कार को घेर लिया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सूचना पर कप्तानगंज पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने में जुट गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने में जुटे रहे। बताया गया कि झोपड़ी राजेंद्र प्रसाद निवासी बेलसड़ थाना कप्तानगंज की है, जिनका घर कप्तानगंज–दुबौलिया मार्ग पर सड़क किनारे स्थित है। मौके पर थानाध्यक्ष कप्तानगंज आलोक श्रीवास्तव सहित पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस ने कार को अपने कब्जे में लेकर फरार चालक और वाहन स्वामी की तलाश शुरू कर दी है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा क्षतिपूर्ति को लेकर भी प्रशासन स्तर पर प्रक्रिया शुरू करने की बात कही गई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




