जोरदार विरोध से नगर पंचायत बोर्ड की बैठक स्थगित

Jan 06, 2026 01:02 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, बस्ती
share Share
Follow Us on

Basti News - कप्तानगंज नगर पंचायत की बोर्ड बैठक वार्ड सदस्यों के विरोध के कारण स्थगित हो गई। 10 सदस्यों की सहमति न मिलने पर बैठक निरस्त की गई। सदस्यों ने विकास कार्यों की अनदेखी और गुणवत्ता की कमी पर नाराजगी जताई। नगर पंचायत अध्यक्ष ने आरोपों को खारिज किया और शिकायतों को दूर करने का आश्वासन दिया।

जोरदार विरोध से नगर पंचायत बोर्ड की बैठक स्थगित

कप्तानगंज, हिन्दुस्तान संवाद। नगर पंचायत कप्तानगंज की बोर्ड बैठक वार्ड सदस्यों के तीव्र विरोध और असंतोष के कारण स्थगित हो गई। पांच जनवरी को निर्धारित बैठक में 10 सदस्यों की सहमति नहीं मिलने पर इसे निरस्त करना पड़ा। विरोधी सदस्यों ने जमीन पर तिरपाल बिछाकर धरना दिया और अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर गहरी नाराजगी जताई। इस बाबत ईओ शिवप्रताप सिंह ने बताया कि बैठक में नियम के अनुसार 10 सदस्यों की सहमति आवश्यक होती है। सहमति नहीं बनने पर बैठक स्थगित कर दी गई। उन्होंने सदस्यों की शिकायतों को गंभीरता से लेने का आश्वासन दिया। सोमवार को बैठक नगर पंचायत कार्यालय में आयोजित की गई थी।

जैसे ही सदस्य पहुंचे, उन्होंने विकास कार्यों की अनदेखी और गुणवत्ता में कमी का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया। सदस्यों का कहना था कि उनके वार्डों में प्रस्तावित कार्य योजनाओं पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। जो निर्माण कार्य हो रहे हैं, उनमें घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था चौपट है, साफ-सफाई का अभाव है और कई क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाएं तक नहीं पहुंच पाई हैं। नगर पंचायत सदस्यों ने आरोप लगाया कि पूर्व में कई बार मौखिक और लिखित शिकायतें की गईं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पिछले 30 महीनों में मात्र छह बार बोर्ड की बैठक आयोजित की गईं, जिससे वे खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। विरोध करने वाले प्रमुख सदस्यों में अश्वनी वर्मा, राजेश तिवारी, रत्नावली, फूलमाला, सूर्यमणि चौधरी, रामभजन, संहिता सहित अन्य लोग शामिल थे। इन सदस्यों की वजह से कोरम पूरा नहीं हो सका और बैठक स्थगित करनी पड़ी। दूसरी ओर, नगर पंचायत अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चौधरी ने सदस्यों के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि किसी भी सदस्य की अनदेखी नहीं की जा रही है। सभी वार्डों में विकास कार्य चल रहे हैं और कप्तानगंज एक आदर्श नगर पंचायत के रूप में उभर रहा है। यदि सदस्य नाराज हैं तो उनकी शिकायतों को दूर करने की पूरी कोशिश की जाएगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;
;