Basti News: कोडीन सिरप मामले में 30 को होगी सुनवाई
Basti News: बस्ती में कोडीनयुक्त न्यू फेंसेडिल सिरप तस्करी मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में हुई। आरोपी पंकज कुमार को पेश किया गया, जबकि तीन अन्य आरोपी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से शामिल हुए। अदालत ने अगली सुनवाई 30 अक्टूबर तय की। जांच के अनुसार, फर्जी दस्तावेजों से गणपति फार्मा खोली गई और हजारों शीशियों की बिक्री दिखाई गई। सिरप की बांग्लादेश और खाड़ी देशों में तस्करी की आशंका है।

Basti News: बस्ती, हिन्दुस्तान संवाद। कोडीन युक्त कफ सिरप न्यू फेंसेडिल की तस्करी के मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट द्वितीय की न्यायाधीश मीनाक्षी सोनकर की अदालत में शुक्रवार को सुनवाई हुई। मामले में जेल में निरुद्ध आरोपी पंकज कुमार को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया, जबकि तीन अन्य आरोपी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से पेश हुए। न्यायालय ने अगली सुनवाई के लिए 30 अक्तूबर की तारीख नियत की है।न्यायालय ने आरोपी पंकज कुमार की गणपति फार्मा के नाम से एचडीएफसी बैंक की मकबूल आलम रोड, वाराणसी शाखा में जमा 8,95,548 रुपये की राशि कुर्क करने के बाद उसे अपराध से अर्जित आय मानते हुए पूर्व में ही अधिहरण का आदेश दिया था।
शुक्रवार को पंकज कुमार बस्ती जेल से न्यायालय में पेश हुआ। वहीं, देवेश और धर्मेंद्र अग्रवाल वाराणसी जेल तथा भोला जायसवाल सोनभद्र जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश हुए। पुलिस ने देवेश और भोला जायसवाल के विरुद्ध न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल कर दिया है। कोतवाली बस्ती में एनडीपीएस एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान रांची, झारखंड स्थित मेसर्स शैली ट्रेडर्स के मालिक धर्मेंद्र कुमार अग्रवाल का नाम सामने आया है। वह भी न्यायिक अभिरक्षा में निरुद्ध है। जांच में सामने आया कि गांधी नगर में गणपति फार्मा के नाम से पंकज कुमार के नाम पर फर्जी और कूटरचित आधार कार्ड तथा गलत पते के आधार पर कागजों में थोक दवा की दुकान खोली गई थी। आरोप है कि इस दुकान के नाम पर शहर के चार दवा प्रतिष्ठानों के माध्यम से भारी मात्रा में कोडीन युक्त कफ सिरप की बिक्री दिखाई गई। इनमें मेसर्स संस फार्मा, जिला अस्पताल से 45 हजार शीशी, हर्ष मेडिसिन सेंटर, जिला चिकित्सालय से 49 हजार शीशी, मेसर्स आइडियल फार्मा एंड मेडिसिन सेंटर, टाउन क्लब के निकट से 45 हजार शीशी और मेसर्स यश मेडिसिन सेंटर, खीरीघाट से 33 हजार शीशी की बिक्री विभिन्न बिलों के माध्यम से की गई। जांच में यह भी सामने आया कि गणपति फार्मा की दुकान वास्तव में कभी खुलती ही नहीं थी। इतनी बड़ी मात्रा में कोडीन युक्त सिरप की बिक्री के पीछे बांग्लादेश और खाड़ी देशों तक तस्करी किए जाने की आशंका जताई जा रही है। इस सिरप का इस्तेमाल बड़े पैमाने पर नशे के लिए किया जाता है। मामले में विवेचना जारी है। अभियोजन पक्ष की ओर से शासकीय अधिवक्ता कुमार उत्कर्ष और मृत्युंजय उपाध्याय ने पैरवी की।

