अंधेरे में डूबे रहने वाले ओवरब्रिज और साइड लेन होंगी जगमग
Basti News - बस्ती के अयोध्या-गोरखपुर हाईवे पर रात के सफर को सुरक्षित और सुहाना बनाने के लिए 2,000 पोल पर 4,000 लाइटें लगाई जाएंगी। एनएचएआई ने इस परियोजना की जिम्मेदारी ली है, जिससे ओवरब्रिजों पर अंधेरा खत्म होगा। यह कार्य जनवरी के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है।

बस्ती। अयोध्या-गोरखपुर हाईवे पर अब रात का सफर सुरक्षित और सुहाना होने जा रहा है। हाईवे पर स्थित दो दर्जन से अधिक ओवरब्रिजों को रोशन करने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने कमर कस ली है। सड़क परिवहन मंत्रालय से डीपीआर को मंजूरी मिलने के बाद, टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और पोल लगाने के लिए फाउंडेशन का कार्य शुरू हो गया है। इस बाबत एचएचआई के परियोजना अधिकारी नवनीत सिद्धार्थ ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग अयोध्या-गोरखपुर के ओवरब्रिजों पर अंधेरे की समस्या को दूर करने के लिए 2,000 पोल पर 4,000 लाइटें लगाई जा रही हैं। इससे मुख्य मार्ग और सर्विस रोड दोनों पर पर्याप्त उजाला रहेगा और यात्रियों को सुविधा होगी।
बताते चलें कि इस हाईवे पर स्थित ओवरब्रिजों पर रोशनी की व्यवस्था नहीं होने के कारण रात के समय अंधेरा छाया रहता था। इससे न केवल सड़क हादसे होते थे, बल्कि यात्रियों में असुरक्षा की भावना भी बनी रहती थी। सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों में यह मुद्दा लगातार उठता रहा, जिसके बाद एनएचएआई ने इसे गंभीरता से लिया। अब ओवरब्रिज के दोनों तरफ डिवाइडर की दीवारों पर स्ट्रीट लाइटें लगाई जा रही हैं, जिससे मुख्य सड़क के साथ-साथ सर्विस रोड भी पूरी तरह रोशन रहेगी। हाईवे मरम्मत और सुंदरीकरण का कार्य देख रही एक संस्था को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस पूरी परियोजना पर लगभग आठ करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें हाईवे पर 2,000 पोल लगाए जाएंगे, जिन पर 4,000 आधुनिक लाइटें फिट की जाएंगी। इस परियोजना के तहत बस्ती जिले में 13 महत्वपूर्ण स्थान चिह्नित किए गए हैं। एनएचआई ने इस कार्य को जनवरी के आखिरी सप्ताह तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है। -- हरैया और महाराजगंज में काम शुरू वर्तमान में हरैया और महाराजगंज ओवरब्रिज पर पहले चरण का काम शुरू हो चुका है, जहां पोल के लिए फाउंडेशन बनाए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि फाउंडेशन का कार्य पूरा होते ही लाइटें लगा दी जाएंगी, जिससे पूरा हाईवे दूधिया रोशनी में नहा उठेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




