Basti News: एंबुलेंस के ओवरटेक करने से नाराज मनबढ़ों ने सीएचसी में घुसकर चालक व स्वीपर को पीटा
Basti News: गर्भवती को लेकर एंबुलेंस आ रही थी, तभी स्कूटी सवार दो भाइयों और उनके साथियों ने एंबुलेंस के चालक तथा अस्पताल के स्वीपर के साथ मारपीट की। यह घटना अस्पताल में अफरातफरी का कारण बनी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Basti News: बस्ती। गर्भवती को लेकर सीएचसी मरवटिया आ रही एक 102 एंबुलेंस के ओवरटेक करने से नाराज स्कूटी सवार दो सगे भाइयों व उसके साथियों ने अस्पताल में घुसकर एंबुलेंस के चालक (पॉयलट) व अस्पताल के स्वीपर के साथ मारपीट किया। इस दौरान अस्पताल में मौजूद मरीज व तीमारदार खौफजदा हो गए और उनमें अफरातफरी मच गई। अस्पताल स्टॉफ ने किसी तरह मामले को शांत कराया। चालक ने घटना की तहरीर नगर बाजार थाने की पुलिस को दिया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
एंबुलेंस चालक की कहानी
एंबुलेंस के चालक रामगोपाल, निवासी ग्राम नैना झाला, थाना महुली, जिला संतकबीरनगर ने बताया कि वह प्रसव का केस लेकर सीएचसी मरवटिया आ रहा था। बेलाड़ी-मरवटिया अस्पताल मार्ग पर वह सॉयरन बजाते हुए अस्पताल की तरफ आ रहा था। एंबुलेंस के आगे मरवटिया गांव के दो सगे भाई व एक भाई का बेटा स्कूटी से जा रहे थे। एंबुलेंस के ओवरटेक करते ही वह दोनों लोग भड़क गए। दोनों लोग एंबुलेंस का पीछा करते हुए सीएचसी के अंदर आ घुसे और मुझसे गाली-गलौज करने लगे। बीचबचाव करने आए अस्पताल के स्वीपर पवन को भी उन लोगों ने नहीं छोड़ा।
हमला और मदद
इतने पर भी वह लोग नहीं माने और फोन करके आठ-दस और लोगों को बुला लिया। लाठी-डंडों से लैस होकर पहुंचे उन लोगों ने चालक व स्वीपर की पिटाई कर दी। जान से मारने की धमकी दिया। शोर सुनकर अस्पताल के अन्य कर्मचारी वहां इकट्ठा हो गए और किसी तरह बीच-बचाव करके उनकी जान बचाई। पीड़ित रामगोपाल ने नगर थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी नगर रामप्रसाद यादव का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है。

