Basti News: फर्जी डीएल मामले में चार कर्मचारियों के खिलाफ तहरीर
Basti News: बस्ती जिले में नियम विरुद्ध तरीके से जारी किए गए ड्राइविंग लाइसेंसों पर कार्रवाई शुरू हो गई है। चार कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है। जांच में कई अवैध लाइसेंसों का खुलासा हुआ है, जिससे 4.75 करोड़ रुपये की अवैध वसूली की गई। जांच जारी है और उच्चाधिकारियों का ध्यान इस मामले पर है।

Basti News: बस्ती। जिले में नियम विरुद्ध तरीके से जारी किए गए ड्राइविंग लाइसेंसों पर कार्रवाई शुरू हो गई है। जांच में सामने आए लाइसेंसों को निरस्त करने की प्रक्रिया चल रही है। वहीं, लाइसेंस बनाने में सेवा प्रदाता कंपनी के कर्मचारियों की भूमिका सामने आने पर उन्हें सेवा से हटाने और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है। आरटीओ बस्ती की ओर से सेवा प्रदाता कंपनी के चार कर्मचारियों के खिलाफ तहरीर देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। संबंधित फर्म को ब्लैकलिस्ट करने और उसकी सिक्योरिटी मनी जब्त करने की भी तैयारी है। आरटीओ फरीउद्दीन ने बताया कि मामले में उच्चधिकारियों की ओर सेवा प्रदाता कंपनी के कर्मचारियों पर केस दर्ज कराने का निर्देश मिला है। उसी क्रम में चार कर्मचारियों के खिलाफ शहर कोतवाली में तहरीर दी जा रही है।
जांच में सामने आए मुद्दे
गौरतलब है कि जांच में सामने आया कि बस्ती कार्यालय में एक अप्रैल 2013 के बाद जारी किए गए कुछ लाइसेंसों को दूसरे राज्यों के बैकलॉग के रूप में दर्ज किया गया। आवेदन स्वीकृत करने से पहले सारथी पोर्टल पर उपलब्ध विवरणों का निर्धारित तरीके से परीक्षण नहीं किया गया। कई मामलों में पुराने ड्राइविंग लाइसेंस की प्रति भी आवेदन के साथ अपलोड नहीं की गई। वहीं, लाइसेंस में पता बदलने के लिए किए गए कई आवेदनों में लगाए गए पते के प्रमाण-पत्र का भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत सत्यापन नहीं कराया गया। जांच में पर्यवेक्षण स्तर पर भी लापरवाही सामने आई है। एमवीआई से ऊपर के अधिकारियों पर भी पोर्टल पर पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी होती है। ऐसे में पर्यवेक्षण दायित्व के पालन की भी जांच की जा रही है। बस्ती में दूसरे प्रांतों के बैकलॉग को दर्शाकर बड़े पैमाने पर भारी वाहनों के ड्राइविंग लाइसेंस बनाए जाने का मामला सामने आया था।
आरोपों एवं अवैध वसूली
आरोप है कि दलालों के सिंडिकेट के जरिए आवेदकों की बैकलॉग एंट्री अरुणाचल प्रदेश से कराकर बस्ती में लाइसेंस जारी कराए गए। आरोपों के मुताबिक, इस प्रक्रिया से करीब 4.75 करोड़ रुपये की अवैध वसूली की गई। मिर्जापुर, संतकबीरनगर, पडरौना, गोरखपुर समेत आसपास के जिलों के आवेदकों के लाइसेंस भी इसी तरीके से बनाए जाने की बात सामने आई थी। इस मामले में परिवहन आयुक्त ने डीएम बस्ती को पत्र भेजकर अपने स्तर से जांच कराकर आख्या मांगी थी। शासन स्तर से संभागीय परिवहन विभाग की आरआई सीमा गौतम को पहले ही निलंबित किया जा चुका है।


