सीएम योगी की सख्ती का असर, छात्रा को घर में घुसकर गोली मारने वाले का हाफ एनकाउंटर

Mar 06, 2026 11:37 am ISTYogesh Yadav बस्ती, हिन्दुस्तान टीम
share

बेटियों  के प्रति अपराध पर जीरो टॉलरेंस की सीएम योगी की नीति का असर देखने को मिला है। बस्ती में छात्रा को घर में घुसकर गोली मारने वाले आरोपी का पुलिस ने हाफ एनकाउंटर किया है। इससे पहले इसी मामले में  थानेदार और विवेचक को लाइन हाजिर भी किया जा चुका है।

सीएम योगी की सख्ती का असर, छात्रा को घर में घुसकर गोली मारने वाले का हाफ एनकाउंटर

Basti News: यूपी की कानून व्यवस्था और बेटियों को लेकर हो रहे अपराध पर नकेल कसने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सख्ती का असर गोरखपुर के पड़ोसी जिले बस्ती में देखने को मिला है। कलवारी थाना क्षेत्र के बैडारी एहतमाली गांव में 12वीं की छात्रा को घर में घुसकर गोली मारने वाले मनदीप को शुक्रवार सुबह पुलिस ने हाफ एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। उसके पैर में गोली मारकर पकड़ा गया है। एकतरफा प्यार में युवक ने वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद ही थानेदारा और विवेचक को लाइन हाजिर भी किया जा चुका है।

घेराबंदी के दौरान पुलिस पर की फायरिंग

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना के बाद से ही फरार चल रहे आरोपी की तलाश में एसओजी (SOG) और स्वाट (SWAT) की संयुक्त टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। शुक्रवार तड़के मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी कलवारी थाना क्षेत्र के माझा इलाके में छिपा हुआ है और कहीं भागने की फिराक में है। पुलिस टीम ने जब इलाके की घेराबंदी की, तो खुद को घिरा देख आरोपी मनदीप ने समर्पण करने के बजाय पुलिस टीम पर अवैध असलहे से फायर झोंक दिया।

पुलिस ने भी बचाव में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली आरोपी मनदीप के दाहिने पैर में जा लगी। घायल होकर गिरते ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। मौके से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं। मुठभेड़ की इस कार्रवाई में स्वाट और एसओजी प्रभारी के साथ कलवारी थानाध्यक्ष संतोष कुमार और उनकी टीम शामिल रही।

क्या थी पूरी घटना?

यह मामला एकतरफा प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोपी मनदीप गांव की ही 12वीं की छात्रा पर शादी का दबाव बना रहा था और उसे लगातार परेशान कर रहा था। छात्रा और उसके परिजनों द्वारा विरोध किए जाने से नाराज होकर आरोपी ने दुस्साहस दिखाते हुए छात्रा के घर में घुसकर उसे करीब से गोली मार दी थी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया था और छात्रा की हालत गंभीर बनी हुई थी।

लापरवाही पर गिर चुकी है गाज

इस संवेदनशील मामले में पुलिस की शुरुआती ढिलाई को लेकर भी गंभीर सवाल उठे थे। छात्रा के परिजनों ने पहले भी आरोपी की हरकतों की शिकायत की थी, लेकिन उचित कार्रवाई नहीं हुई। मामले की गंभीरता और जनता के आक्रोश को देखते हुए प्रशासन ने पहले ही बड़ी कार्रवाई की है। इस प्रकरण में घोर लापरवाही बरतने के आरोप में तत्कालीन थाना प्रभारी और विवेचक (IO) को लाइन हाजिर कर दिया गया था। अब मुख्य आरोपी के एनकाउंटर के बाद पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि महिला सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।