यूपी में सास-साले की हत्या करने वाला अफसर खां एनकाउंटर में ढेर, 24 घंटे में ही काम तमाम
बरेली के इज्जतनगर में सास और साले की हत्या करने वाले आरोपी अफसर खां को पुलिस ने मंगलवार तड़के मुठभेड़ में ढेर कर दिया। सोमवार को पंचायत के दौरान उसने चाकू से हमला कर पत्नी को भी घायल कर दिया था। सहारा ग्राउंड के पास हुई घेराबंदी के दौरान पुलिस ने मार गिराया है।

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली में अपनी सास और साले की पंचायत के दौरान ही निर्मम हत्या करने वाले शातिर अपराधी अफसर खां का पुलिस ने वारदात के 24 घंटे के अंदर ही मार गिराया है। सोमवार को सास-साले की हत्या करने के साथ ही पत्नी पर भी ताबड़तोड़ चाकू से हमला किया था। पत्नी आईसीय़ू में भर्ती है। इससे पहले मामी से अवेध संबंधों में मामा का भी मर्डर कर चुका है। इसके बाद अपनी ही चचेरी बहन से जबिरया शादी की थी। पत्नी से अनबन के बाद समझौते के लिए ही सोमवार को पंचायत हो रही थी। इसी दौरान उनसे वारदात को अंजाम दिया था।
तड़के सहारा ग्राउंड के पास मुठभेड़
सास-साले की हत्या कर फरार हुए अफसर खां की तलाश में एसएसपी ने तीन टीमें गठित की थीं। मंगलवार तड़के पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी शहर छोड़ने की फिराक में सहारा ग्राउंड के पास छिपा हुआ है। पुलिस ने जब घेराबंदी शुरू की, तो खुद को फंसता देख अफसर ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने की कोशिश करने लगा। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें एक गोली सीधे अफसर खां को लगी और वह वहीं गिर पड़ा।
अस्पताल में घोषित किया मृत
मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में आरोपी को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी और एसपी सिटी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मौके से आरोपी का तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं।
इलाके में दहशत और पुलिस की कार्रवाई
इस दोहरे हत्याकांड और उसके बाद हुए एनकाउंटर से इलाके में काफी सनसनी फैल गई है। मृत सास और साले के शवों को पहले ही पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा चुका है। वहीं, अफसर खां के अंत के बाद मृतक के परिजनों ने राहत की सांस ली है। एसएसपी ने बताया कि जघन्य अपराध करने वाले अपराधियों के खिलाफ इसी तरह की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
पंचायत के दौरान खूनी संघर्ष
घटना की शुरुआत सोमवार को हुई, जब इज्जतनगर के रहपुरा चौधरी गांव में एक पारिवारिक विवाद को सुलझाने के लिए पंचायत बैठी थी। आरोपी अफसर खां का अपनी पत्नी सायमा से लंबे समय से विवाद चल रहा था। अफसर ने अपनी चचेरी बहन सायमा से जबरन निकाह किया था, जिसके बाद से घर में कलह मची हुई थी। सोमवार को जब समझौते की बात चल रही थी, तभी अचानक तैश में आकर अफसर खां ने चाकू निकाल लिया और अपनी सास आसमा और साले आदिल पर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिए। इस हमले में सास और साले की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी सायमा गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका इलाज वर्तमान में एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।
पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।
बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।


