
हाईटेंशन लाइन के खंभे पर चढ़े युवक की करंट से मौत
Bareily News - फरीदपुर में एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई जब वह 33 केवीए लाइन के खंभे पर चढ़ा। उसकी पहचान नहीं हो सकी और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। विद्युत निगम के कर्मचारियों ने आशंका जताई कि युवक तार चोरी करने गया था। खंभे के नीचे कई लोगों के जूते-चप्पल के निशान मिले हैं।
फरीदपुर। सीढ़ी लगाकर 33 केवीए लाइन के खंभे पर चढ़े युवक की करंट से मौत हो गई। युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। विद्युत निगम के कर्मचारियों ने तार चोरी करने के लिए हाईटेंशन लाइन के खंभे पर चढ़ने की आशंका जाहिर की है। फरीदपुर के अंधरपुरा 33 केवीए बिजली घर से फतेहगंज पूर्वी और पढेरा बिजली घरों को सप्लाई दी जाती थी। बीते दिनों चोरों ने 33 केवीए लाइन के तार चोरी कर लिए थे, इसके बाद लाइन बंद कर दी गई थी। दूसरी लाइन से दोनों बिजली घरों को बिजली सप्लाई दी जा रही थी, लेकिन तारों को चोरों से बचाने के लिए कर्मचारियों ने लाइन में करंट छोड़ रखा था।
गुरुवार को अंधरपुरा बिजली घर के लाइनमैन पेट्रोलिंग करने पहुंचे तो उन्होंने युवक का शव खंभे के नीचे पड़ा देखा। उसका एक हाथ करंट से कट गया था। खंभे पर सीढ़ी लगी हुई थी। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने युवक की शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। कर्मचारियों ने बताया की बिजली लाइन के तार चोरी करने के उद्देश्य से युवक हाईटेंशन लाइन पर चढ़ा होगा, उसे लाइन में करंट दौड़ने की जानकारी नहीं रही होगी। इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि युवक का शव मोर्चरी में रखवाया गया है। मामले की जांच की जा रही है। खंभे के नीचे मिले कई लोगों की चप्पलों के निशान जिस खंबे के नीचे युवक का शव पड़ा था। वहां पर कई लोगों के चप्पल और जूते के निशान थे। इसलिए माना जा रहा है की तार चोरी करने के लिए युवक के साथ कई और लोग भी मौजूद थे, लेकिन करंट लगने के बाद वह मौके से भाग गए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




