शिकारियों को पकड़ने गई वन विभाग की टीम को महिलाओं ने घेरा
जंगली सुअर के शिकार की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम को आसूपुर गांव की महिलाओं ने घेर लिया। जिस कमरे में शिकार करके सुअर रखा गया था। उसमें घुसने...
जंगली सुअर के शिकार की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम को आसूपुर गांव की महिलाओं ने घेर लिया। जिस कमरे में शिकार करके सुअर रखा गया था। उसमें घुसने का प्रयास किया, तभी महिलाओं ने अभद्रता कर दी। इतना ही नहीं महिलाओं ने टीम को घेर लिया। छेड़छाड़ का आरोप लगाने की धमकी देते हुए वस्त्र निकालने लगी। टीम को वहां से वापस लौटना पड़ा।
पीएफए रेस्क्यू प्रभारी धीरज पाठक का कहना है, नवाबगंज क्षेत्र में पिछले कई दिनों से जंगली सुअर का शिकार करने की सूचनाएं आ रही थीं। इस मामले में केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी ने डीएफओ को भी कार्यवाही के निर्देश दिए थे। शिकार लगातार हो रहे थे। शनिवार की शाम 5:00 बजे सूचना मिली आसूपुर गांव में सुअर का शिकार किया गया है। चार-पांच लोग सुअर को मारकर डंडे में बांधकर घर ले गए हैं।
इसकी जानकारी डीएफओ भारत लाल को दी गई। डीएफओ ने रेंजर नीलमणि को तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए। नीलमणि अपने साथ दो दरोगा और तीन सिपाही को लेकर शिकारियों की गिरफ्तारी को पहुंच गए। जिस कमरे में शिकार रखा हुआ था टीम ने उसी कमरे में घुसने का प्रयास किया, तभी वहां हंगामा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कई महिलाएं आ गईं। हंगामा शुरू कर दिया। महिलाओं ने धमकी दी, यहां से किसी पुरुष को पकड़ा तो वह छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए वन विभाग के ऑफिस में धरना देंगी। महिला निवस्त्र होने लगीं। कई पुरुष लाठी-डंडे और तमंचा लेकर आ गए। टीम को वहां से भागना पड़ा।
नवाबगंज क्षेत्र के रेंजर नीलमणि का कहना है, जंगली सुअर का शिकार करने की सूचना पर टीम के साथ छापा मारा था। वहां काफी महिलाएं एकत्रित हो गईं। अभद्रता करने लगीं। मौके पर कोई शिकार भी नहीं मिला, इसलिए कोई कार्यवाही नहीं की जा सकी। मगर, शिकारियों की तलाश को टीम लगा दी गई है।