महिला जनसुनवाई में पति पत्नी में कराया समझौता
Bareily News - उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य पुष्पा पाण्डेय ने मीरगंज में महिला जनसुनवाई की। उन्होंने पतियों के द्वारा उत्पीड़न की कई शिकायतों का निस्तारण किया और समझौता कराया। महिलाओं की समस्याओं को सुनते...

मीरगंज, संवाददाता। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य पुष्पा पाण्डेय ने तहसील सभागार में महिला जनसुनवाई की। महिलाओं का पतियों द्वारा उत्पीड़न करने की शिकायतों पर कहाकि बेटों को संस्कार जरूर दें। सदस्य ने जनसुनवाई में पति -पत्नी में समझौता कराया।
राज्य महिला आयोग की सदस्य पुष्पा पांडेय ने एसडीएम तृप्ति गुप्ता एवं तहसीलदार विशाल कुमार शर्मा की मौजूदगी में तहसील सभागार में जनसुनवाई की। दोपहर 12.00 बजे तक कार्यक्रम में महिलाओं की मौजूदगी पर चिंता प्रकट की। उसके बाद महिलाओं की संख्या बढ़ी। खमरिया की महिला ने शिकायत में कहा वह पति के उत्पीड़न से परेशान होकर एक वर्ष से मायके में रह रही है। महिला सदस्य के सामने रो पड़ी। सदस्य ने उसको अपने नजदीक बिठाकर उसकी बात सुनीं।
कस्बे की महिला ने शिकायत में आरोप लगाया तुरसा पट्टी के व्यक्ति ने उसके कमरे में घुस कर अश्लील हरकतें कर कपड़े फाड़ दिए। दुष्कर्म करने का प्रयास किया। शिकायत करने पर ससुराल वालों ने उसके मायके में घुस कर मारपीट की। मां जेवर गिरवीं रखकर उसका इलाज करा रही है। सदस्य ने महिला की बात सुनकर पुलिस को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। चौकी प्रभारी से कहा योगी कि सरकार में दबंगई नहीं चलेगी। दबंगई करने वाले को छोड़ना नहीं।
दिल्ली में मजदूरी करने वाली आनंदपुर की महिला ने शिकायत की देवर के पुत्र ने पेंशन बनवाने का झांसा देकर उनकी ढ़ाई बीघा जमीन का बैनामा अपने नाम करा कर जमीन कब्जा ली। बहरोली की महिला ने शिकायत की उसके पति ने दूसरी शादी कर ली। दूसरी पत्नी से उसके तीन बच्चे हैं। पति और ससुर जान से मारने को आए दिन उसके घर में घुस आते हैं।
महिला जनसुनवाई में 28 शिकायतें दर्ज हुईं। इनमें 12 शिकायतों का निस्तारण मौके पर करा दिया। घरेलू हिंसा के एक मामले में राज्य महिला आयोग की सदस्या ने दोनों पक्षों को समझा कर समझौता करा दिया। सदस्य ने राजेन्द्र प्रसाद इंटर कालेज एवं सीएचसी मीरगंज का निरीक्षण किया। बलूपुरा की गर्भवती मिथलेश एवं नन्ही की गोद भराई की। मन्नत एवं रिजान का अन्नप्राशन कराया। कार्यक्रम में एडीओ आसिम अली, उपनिरीक्षक सतेन्द्र सिंह नीतू गौतम आदि मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।