Bareily News: रजिस्ट्री कार्यालय में प्राइवेटकर्मी पर रिश्वत मांगने का आरोप, डीएम से शिकायत
Bareily News: आंवला तहसील क्षेत्र के गोजाखेड़ा की मुन्नी देवी ने डीएम को शिकायत भेजकर आरोप लगाया है कि एक प्राइवेट कर्मी ने बैनामा कराने के नाम पर 90 हजार रुपये मांगे और फिर 60 हजार रुपये और मांगने लगा। मुन्नी देवी ने न्याय की मांग की है और आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है।

Bareily News: बरेली/आंवला। आंवला तहसील क्षेत्र के ग्राम गोजाखेड़ा की एक महिला ने डीएम को शिकायत कर आरोप लगाया है कि रजिस्ट्री कार्यालय में कार्यरत एक प्राइवेट कर्मी ने बैनामा कराने के नाम पर डेढ़ लाख रुपये की मांग की और 90 हजार देने के बावजूद उसकी जमीन का बैनामा नहीं किया गया। अब कर्मी उसे धमका रहा है। शिकायतकर्ता मुन्नी देवी पत्नी वीर पाल ने शिकायत में कहा है कि गोजा खेड़ा और नूरपुर गांव की आराजी गाटा संख्या 91, 105, 120, 219 व 220 सहित अन्य भूमि की रजिस्ट्री कराने के संबंध में वह एक सितंबर को अपने अधिवक्ता के साथ रजिस्ट्री कार्यालय आंवला पहुंची थीं।
आरोप है कि स्टांप शुल्क एवं ऑनलाइन शुल्क जमा कराने के बाद रजिस्ट्री कराने के नाम पर कार्यालय में कार्य कर रहे एक प्राइवेट व्यक्ति ने एक लाख रुपये की मांग की। बातचीत के बाद अधिवक्ता के माध्यम से 90 हजार रुपये दिए गए। इसके बावजूद अगले दिन दोबारा कार्यालय पहुंचने पर 60 हजार रुपये और मांगे गए। उसने इतने रुपए देने में असमर्थता जताते हुए बैनामा न करने की बात कही और अपने दिए हुए रुपये वापस मांगे, लेकिन उसे व्यक्ति ने रुपये वापस नहीं किये और उसे धमकाया।शिकायतकर्ता महिला ने डीएम से मामले की जांच कर निजी व्यक्ति को रजिस्ट्री कार्यालय से हटाने, 90 हजार रुपये वापस दिलाने तथा रजिस्ट्री कराने की मांग की है।


