बिना अनुमति हाईवे निर्माण के लिए मिट्टी खनन का आरोप
Bareily News - बरेली के महगवां गांव के ग्रामीणों ने बिना अनुमति खेतों से मिट्टी उठाने का आरोप लगाया है। उन्होंने जिलाधिकारी को शिकायत पत्र सौंपा है। ग्रामीणों का कहना है कि रात में जेसीबी और डंपरों से मिट्टी खोदी जा रही है, जो भूमि स्वामियों की अनुमति के बिना है। कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

बरेली, मुख्य संवाददाता। थाना सुभाष नगर के गांव महगवां उर्फ ऊंचागांव के ग्रामीणों ने हाईवे निर्माण के लिए बिना अनुमति खेतों से मिट्टी उठाने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी के नाम शिकायती पत्र सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। ग्रामीणों का कहना है कि ऊंचागांव क्षेत्र में गंगापार के निजी खेतों से जेसीबी और डंपरों से रात में मिट्टी की खोदाई की जा रही है। उनका आरोप है कि यह कार्य बिना भूमि स्वामियों की अनुमति के किया जा रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन को मजबूर होंगे। इस दौरान राम अवतार, अमन, अर्जुन, सुमित, कृष्ण, सुमन, मेवाराम, तोताराम, मुरारी, तेजपाल, पवन, राम प्रसाद, ओमप्रकाश, धर्मेंद्र, जितेंद्र, प्रकाश चंद सहित तमाम ग्रामीण मौजूद रहे।
इस बारे में डीएमओ मनीष कुमार ने बताया कि आरोप तथ्यहीन हैं। कुछ लोग निर्माणदायी एजेंसी पर दबाव बनाने के लिए आरोप लगा रहे हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



