Bareily News: उलेमा की तकरीरों के लिए तय खास विषय, अमन, शिक्षा, सामाजिक सुधार पर फोकस
Bareily News: इस्लामिया मैदान में उर्स-ए-रजवी का आयोजन हो रहा है, जिसमें उलेमा विशेष विषयों पर तकरीर करेंगे। इस बार दीनी तालीम, सामाजिक सुधार, पर्यावरण संरक्षण और महिलाओं की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। प्रशासन ने जुलूस आयोजन के दौरान डीजे का प्रयोग न करने की हिदायत दी है।
Bareily News: इस्लामिया मैदान में आयोजित होने वाले उर्स-ए-रजवी में देश-विदेश से आने वाले उलेमा और वक्ताओं की तकरीरों के लिए इस बार विशेष विषय निर्धारित किए गए हैं। इन विषयों के माध्यम से दीनी तालीम के साथ-साथ सामाजिक सुधार, पर्यावरण संरक्षण, अमन-शांति और नैतिक मूल्यों का संदेश दिया जाएगा। उर्स की तैयारियों और कार्यक्रम की रूपरेखा को लेकर दरगाह प्रमुख सुब्हानी मियां और सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां की अध्यक्षता में मदरसा मंजरे इस्लाम में बैठक हुई। बैठक में सैय्यद आसिफ मियां, मुफ्ती अकील रजवी, मुफ्ती सलीम नूरी, मुफ्ती सैय्यद कफील हाशमी सहित मदरसे के उलेमा और शिक्षक मौजूद रहे। दरगाह के मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि हर वर्ष उर्स के मंच से देश-विदेश के सुन्नी, सूफी, खानकाही और बरेलवी मुसलमानों तक विशेष पैगाम पहुंचाया जाता है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी उलेमा की तकरीरों के लिए विभिन्न समसामयिक और धार्मिक विषय तय किए गए हैं। उलेमा अपनी तकरीरों में इस्लाम के फराइज और उन पर अमल, कुरआन और पैगंबर की तालीम के अनुरूप जिंदगी, मजहब और मसलक की हिफाजत, मसलक-ए-आला हजरत की शिक्षा, अहले सुन्नत वल जमात और खानकाहों में एकता की आवश्यकता पर विशेष प्रकाश डालेंगे। इसके अलावा मुस्लिम बेटियों की सुरक्षा और सही मार्गदर्शन, बच्चों की शिक्षा और संस्कार, नशाखोरी, जुआ, महिलाओं पर अत्याचार, बढ़ती दुष्कर्म की घटनाएं, सूद आधारित कारोबार, आपसी विवाद जैसी सामाजिक बुराइयों पर भी विस्तार से चर्चा होगी। शिक्षा के क्षेत्र में मुस्लिम समाज की भागीदारी बढ़ाने, शादियों में फिजूलखर्ची रोकने और निकाह को आसान बनाने का संदेश भी दिया जाएगा.
उर्स जुलूस में डीजे पर रोक, आयोजकों को सख्त हिदायत
बरेली। उर्स को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को डीएम अविनाश सिंह, एसएसपी अनुराग आर्य और नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ उर्स स्थल इस्लामिया मैदान का बारीकी से निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जुलूस आयोजकों को हिदायत जुलूस में डीजे लेकर न आएं.
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंच, शौचालय, पेयजल व्यवस्था, वॉच टॉवर, बैरीकेडिंग, प्रवेश और निकास द्वार सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। मैदान में मौजूद अधिकारियों को सभी आवश्यक कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कराने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान दरगाह पदाधिकारियों ने प्रकाश व्यवस्था, सफाई, पेयजल और सीवर से संबंधित समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को इन समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद डीएम और एसएसपी ने उर्स स्थल पर लंगर व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और साफ-सफाई के इंतजामों की जानकारी ली। निरीक्षण के उपरांत दोनों अधिकारी बिहारीपुर चौकी पहुंचे, जहां दरगाह पदाधिकारियों के साथ बैठक कर उर्स की व्यवस्थाओं और सुरक्षा संबंधी कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की। बैठक में हाजी जावेद खान, नासिर कुरैशी, शाहिद नूरी से चादर जुलूस और लंगर व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली गई। प्रशासन की ओर से सभी जुलूस आयोजकों से अपील की गई कि वे चादर जुलूस में डीजे का प्रयोग न करें, निर्धारित मार्गों का ही पालन करें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें.


