मालगाड़ी से कटकर सांड़ की मौत, फाटक पर रुकी मालगाड़ी, लगा जाम
Bareily News - भमोरा में बरेली सिटी से नागपुर जा रही मालगाड़ी ने मकरंदपुर रेलवे स्टेशन के पास एक सांड़ को कुचल दिया। हादसे के कारण ट्रेन को 17 मिनट तक रोकना पड़ा, जिससे आंवला-भमोरा मार्ग पर लंबा जाम लग गया। रेलवे कर्मचारियों ने ट्रैक साफ किया और शव को हटाने के बाद ट्रेन को रवाना किया।

भमोरा। बरेली सिटी से नागपुर जा रही मालगाड़ी से मकरंदपुर रेलवे स्टेशन और क्रॉसिंग के बीच एक सांड़ की कटकर मौत हो गई। हादसे के बाद फाटक पर ट्रेन के रुकने से आंवला-भमोरा मार्ग पर लंबा जाम लग गया। स्टेशन मास्टर विकास के अनुसार मालगाड़ी जैसे ही मकरंदपुर रेलवे स्टेशन से गुजर रही थी, तभी स्टेशन और फाटक के बीच सांड़ ट्रैक पर आ गया। लोको पायलट के पास ब्रेक लगाने का पर्याप्त समय नहीं था और पशु ट्रेन की चपेट में आ गया। इसके बाद सुरक्षा कारणों से ट्रेन को फाटक के पास करीब 17 मिनट तक रोकना पड़ा। इस दौरान आंवला-भमोरा मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल ट्रैक को साफ कराया। क्षत-विक्षत शव को हटाकर दफनाया गया, जिसके बाद ट्रेन को रवाना किया गया और यातायात सामान्य हो सका। स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे ट्रैक के आसपास आवारा गोवंश की आवाजाही आम है, जिससे बड़े हादसे का खतरा हमेशा बना रहता है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


