भुता में कुएं में गिरकर कक्षा दो के छात्र की मौत

Newswrap हिन्दुस्तान, बरेली
share

Bareily News - भुता के आदीनापुर में एक दर्दनाक हादसे में छह वर्षीय छात्र लविश कुएं में गिर गया। स्कूल के पास पानी पीने के दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया। ग्रामीणों और पुलिस ने काफी प्रयासों के बाद दो घंटे बाद लविश का शव कुएं से निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

भुता में कुएं में गिरकर कक्षा दो के छात्र की मौत

फरीदपुर/भुता, संवाददाता। भुता के आदीनापुर में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। गांव के आत्मानंद विद्या मंदिर स्कूल के कक्षा दो का छह वर्षीय छात्र लविश टंकी पर पानी पीने गया था। वहीं स्कूल परिसर के पास बने कुएं पास लविश पहुंचा तभी उसका पैर फिसल गया। वह कुएं गिर गया। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से 2 घंटे बाद छात्र का शव कुएं से निकला। पुलिस ने छात्र का शव पोस्टमार्टम को भेजा है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं

हादसे का विवरण

भुता के आदीनापुर गांव के स्कूल परिसर के पास एक प्राचीन कुआं है। ग्रामीणों ने बताया कि कुएं के पास ही टंकी लगी है, जहां बच्चे पानी पीने जाते हैं। पड़ोस के खमड़िया गांव के टिंकू का छह वर्षीय बेटा कक्षा दो का छात्र था। गुरुवार सुबह छात्र लविश स्कूल परिसर के बाहर लगी टंकी पर पानी पीने पहुंचा। पानी पीने के बाद वह कुएं की तरफ पहुंच गया। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे कुएं में जा गिरा। लविश के कुएं में गिरते ही वहां मौजूद अन्य छात्र घबराकर शोर मचाने लगे। बच्चों की आवाज सुनकर शिक्षक और आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने लविश को बचाने के लिए कुएं में रस्सी डाली और कई लोग नीचे उतरने की कोशिश करते रहे। बताया जाता है कुएं की गहराई अधिक होने के कारण काफी देर तक सफलता नहीं मिल सकी। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद भुता इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ पहुंच गए। कड़ी मशक्कत करने के बाद पुलिस व ग्रामीणों ने बच्चों को कुएं से बाहर निकाला। उसे एंबुलेंस से अस्पताल भेज दिया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को बरेली भेज दिया है।

Voice of UP

अनदेखी: स्कूल के पास कुआं बना छात्र की मौत का कारण

ग्रामीणों के मुताबिक भुता के आदीनापुर गांव की स्कूल की कक्षा 5 तक मान्यता है। जबकि उसमें 8 तक के बच्चों की पढ़ाई कराई जा रही थी। स्कूल के गेट के बाहर ओवरहेड टंकी लगी हुई थी। बच्चे स्कूल गेट के बाहर पानी पीने जाते थे। वहीं गेट से कुछ दूरी पर खुला कुआं है। खेलते हुए कई बार बच्चे कुएं के पास पहुंच गए। ग्रामीणों ने देखकर बच्चों को भगाया, जिससे वे बाल-बाल बच गए। गांव के लोग लोहे के जाल से कुएं को बंद करने की मांग कर रहे थे। लेकिन स्कूल प्रबंधन ने उनकी नहीं सुनी। पूरे गांव में मातम का माहौल है। अधिकतर घरों में दोपहर का खाना नहीं बना। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल का गेट बंद होता तो बच्चे बाहर नहीं निकाल पाते। जिससे हादसे को बचाया जा सकता था। इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

छात्र को कुएं में तड़पता देख भावुक हो उठे ग्रामीण

आदीनापुर गांव में स्कूल परिसर के पास प्राचीन कुआं काफी गहरा है। छात्र के कुएं में गिरने की सूचना मिलते ही परिवार के लोग पहुंच गए। गांव के लोगों ने भी कुएं में उतरने की कोशिश की। लेकिन गहराई होने की वजह से वह उतरने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। करीब 2 घंटे इसे लेकर अफरा-तफरी रही। परिवार के सामने ही बच्चा दम तोड़ चुका था लेकिन उसे निकालने के बाद परिवार के लोग एंबुलेंस से अस्पताल ले गए। बेटे का चेहरा देखकर वह अभी भी उसे जीवित मान रहे थे लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

स्कूल शिक्षकों को ठहराया जिम्मेदार, तीन पर मुकदमा

फरीदपुर, संवाददाता।

भुता के अंगदपुर खमरिया के टिंकू ने तहरीर देकर आरोप लगाया लविश के साथ उसका छोटा भाई अनुज भी आत्मानंद विद्या मंदिर स्कूल में पढ़ता था। लविश के कुएं में गिरने के बाद उनका बेटा दौड़ते हुए शिक्षकों के पास पहुंचा। आरोप है कि शिक्षक चिरौंजी लाल, नरेंद्र एवं शिल्पी मोबाइल पर बिजी रहे। उन्होंने कोई राहत कार्य नहीं किया। जिससे उनके बच्चे की मौत हो गई। गांव के लोग काफी देर बाद कुएं के पास पहुंचे तो उन्होंने छात्र को निकलना शुरू किया। टिंकू की तहरीर पर पुलिस ने तीनों शिक्षकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच करके आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

छात्र लविश कुएं में कैसे गिरा?
छात्र लविश स्कूल परिसर के बाहर लगी टंकी पर पानी पीने गया था। पानी पीने के बाद वह कुएं की तरफ पहुंच गया और उसका संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह कुएं में गिर गया।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।