Bareily News: नदी में डूबे किशोर का शव 20 घंटे बाद बरामद
Bareily News: अप्सरा नदी में नहाते समय 13 वर्षीय शिवांश तेज बहाव में बह गया। उसका शव 20 घंटे की तलाश के बाद गोताखोरों ने रविवार सुबह बरामद किया। शिवांश रक्षाबंधन पर रिश्तेदारों से मिलने आया था। नदी में स्नान करते समय उसके दो साथी भी बहने लगे थे, लेकिन उन्हें बचा लिया गया।

Bareily News: अप्सरा नदी में नहाने के दौरान तेज बहाव में बहे 13 वर्षीय किशोर शिवांश का शव करीब 20 घंटे की तलाश के बाद रविवार सुबह गोताखोरों ने बरामद कर लिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। गांव निरदापुर के बृजनंदन का 13 वर्षीय पुत्र शिवांश शनिवार को रक्षाबंधन पर अपने रिश्तेदारों के यहां गांव सुन्नौर आया था। दोपहर साढ़े तीन बजे वह गांव के ही सुभाष (16) और रामवीर (10) के साथ अप्सरा नदी में नहाने गया था। नहाते समय सुभाष का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के प्रयास में रामवीर और शिवांश भी नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गए।
ग्रामीणों ने सुभाष और रामवीर को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लेकिन शिवांश तेज धारा में बह गया। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार पुलिस बल के साथ पहुंच गए। पुलिस ने गोताखोरों की टीम बुलाकर किशोर की तलाश शुरू कराई। रातभर पुलिस और ग्रामीण नदी में उसकी तलाश करते रहे। प्रभारी निरीक्षक स्वयं राहत एवं बचाव अभियान की निगरानी करते रहे। रविवार सुबह करीब 11 बजे गोताखोरों ने मुड़िया पुल के नीचे से शिवांश का शव बरामद किया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेज दिया।


