एप से हाजिरी पर भड़के सफाईकर्मी, निगम में किया हंगामा
शिक्षकों के बाद नगर निगम के सफाईकर्मी भी मोबाइल एप से हाजिरी लगाने को तैयार नहीं हैं। इसके विरोध में सफाई कर्मचारियों ने नगर निगम में गुरुवार को खूब हंगामा किया। मेयर और नगरायुक्त का घेराव करके एप से...
शिक्षकों के बाद नगर निगम के सफाईकर्मी भी मोबाइल एप से हाजिरी लगाने को तैयार नहीं हैं। इसके विरोध में सफाई कर्मचारियों ने नगर निगम में गुरुवार को खूब हंगामा किया। मेयर और नगरायुक्त का घेराव करके एप से हाजिरी को शोषण बताया। इसके अलावा भी कर्मचारियों ने तमाम गंभीर आरोप लगाए।
नगर निगम प्रशासन ने बुधवार को गांधी जयंती पर सफाई कर्मचारियों की हाजिरी के लिए एप लांच की थी। इस एप में सफाई कर्मचारियों को दिन में दो बार हाजिरी लगानी है। हाजिरी लगाते वक्त वार्ड में काम करने की सेल्फी भी अपलोड करनी है। एप से हाजिरी के विरोध में गुरुवार को दोपहर बाद उप्र सफाई मजदूर संघ की अगुवाई में तमाम सफाई कर्मचारी, चालक समेत अन्य स्टाफ नगर निगम कैंपस में एकत्र हुआ और नारेबाजी शुरू कर दी। कर्मचारियों के हंगामे की सूचना मिलने पर मेयर और नगरायुक्त मौके पर पहुंचे तो कर्मचारियों ने उन्हें घेर लिया। कर्मचारियों ने मेयर और नगरायुक्त को ज्ञापन देते हुए कहा कि एप से हाजिरी की व्यवस्था करके कर्मचारियों को चोर ठहराने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही मांग रखी कि अगर एप से हाजिरी लगवानी है तो पहले रिक्त चल रहे पदों पर स्टाफ की तैनाती की जाए।