निलंबित सिटी मजिस्ट्रेट को लेकर लखनऊ रवाना हुई पुलिस-प्रशासन की गाड़ियां
Bareily News - बरेली में निलंबित पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री को पुलिस प्रशासन की टीम ने लखनऊ भेजा। उनके समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर दी। अलंकार ने 26 जनवरी को इस्तीफा दिया था, जिसके बाद उनके समर्थन में सोशल मीडिया पर आंदोलन बढ़ा। प्रशासन ने उन्हें शहर छोड़ने के लिए मजबूर किया।

बरेली, मुख्य संवाददाता। दो दिन के हंगामे के बाद आखिर निलंबित पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री को पुलिस प्रशासन की टीम लखनऊ ले गई। टीम को एडीएम कंपाउंड से निकलने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। उनके समर्थकों ने गाड़ियों को घेर लिया। जबरदस्त धक्कामुक्की के बीच गाड़ियों का काफिला एडीएम कंपाउंड से निकल पाया। गाड़ियों के जाने के बाद नाराज प्रशंसकों ने सड़क जाम कर दी। यूजीसी रोलबैक का नारा लगाते हुए जबरदस्त प्रदर्शन किया गया। रवानगी के समय अलंकार को मीडिया से बातचीत करने का मौका नहीं दिया गया। बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने 26 जनवरी को इस्तीफा देकर सनसनी मचा दी थी।
उन्होंने शंकराचार्य के तथाकथित अपमान और यूजीसी को मुद्दा बनाया। इसे लेकर उनके साथ बड़ी संख्या में ब्राह्मणवादी संगठन भी जुड़ गए। आंदोलन इस कदर बढ़ा कि पूरे देश से सोशल मीडिया पर अलंकार को समर्थन मिलने लगा। बरेली में भी दो दिनों तक दिन-रात धरना-प्रदर्शन और हंगामा चलता रहा। मंगलवार रात से बरेली प्रशासन ने अलंकार को शहर छोड़ने के लिए मनाना शुरू कर दिया था। इसके लिए एक तरफ जहां प्रशासनिक कार्रवाई का दबाव बनाया गया वहीं उनके कुछ करीबियों की भी मदद ली गई। आखिर बुधवार को एडीएम कंपाउंड में भारी पुलिस बल के बीच अलंकार को विदा कर दिया गया। इस दौरान एडीएम सिटी सौरभ दुबे, एसपी सिटी आदि मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




