सरकारी जमीन पर बनी तस्कर की कोठी पर चलेगा बुलडोजर
36 लाख की स्मैक के साथ गिरफ्तार हुआ महताब पैमाइश में महताब की कोठी

फरीदपुर,संवाददाता। गलत रिपोर्ट देने के आरोप में लेखपाल के सस्पेंड किए जाने के बाद प्रशासन ने स्मैक तस्कर महताब के खिलाफ कठोर कार्रवाई की तैयारी की है। सरकारी जमीन में बनी मोहनपुर के स्मैक तस्कर महताब की कोठी पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाने की तैयारी शुरू की है। पुलिस की ओर से चिह्नित तस्कर की प्रॉपर्टी कुर्क करने की तैयारी शुरू की जा रही है।
महताब की गिरफ्तारी
बीते दिनों मोहनपुर गांव के स्मैक तस्कर महताब को मीरगंज पुलिस ने 36 लाख की स्मैक के साथ गिरफ्तार किया था। पुलिस ने जब जानकारी जुटाई तो पता चला कि महताब तस्करी में कई बार जेल जा चुका है। उसके भाई शब्बू को दिल्ली पुलिस ने 27 किलोग्राम स्मैक के साथ पकड़ा था। जानकारी मिली कि महताब की कोठी सरकारी जमीन में बनी है। एसडीएम ने उसकी प्रॉपर्टी चिन्हित कर कानूनगो की मौजूदगी में लेखपाल प्राची शर्मा को कोठी की पैमाइश करके रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। 11 मई को लेखपाल प्राची शर्मा ने सरकारी जमीन पर तस्कर का कोई कब्जा न होने की रिपोर्ट दी। एसडीएम ने नायब तहसीलदार को राजस्व टीम के साथ पैमाइश का आदेश दिया। 29 मई को नायब तहसीलदार शुभम पांडे ने पैमाइश की तो महताब की कोठी सरकारी जमीन में बनी मिली। जबकि शमशान भूमि की जमीन पर उसका कब्जा मिला।नायब तहसीलदार की रिपोर्ट के बाद एसडीएम रामजन्म यादव ने शनिवार को लेखपाल प्राची शर्मा को सस्पेंड कर दिया। जबकि कानूनगो के खिलाफ रिपोर्ट भेजी। लेखपाल को सस्पेंड किए एसडीएम ने सरकारी जमीन पर बनी कोठी को ध्वस्त किए जाने की अनुमति मांगी। एसडीएम ने अपनी रिपोर्ट डीएम को भेज दी।
पुलिस की कार्रवाई
मोहनपुर के हमलावरों को गिरफ्तार करने को दबिश दे रही पुलिस
मोहनपुर के स्मैक तस्कर महताब के साथी राशिद उर्फ गुलाब उर्फ गुलाबा को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम पहुंची। तस्कर के साथियों ने पुलिस पर हमला बोलकर उसे छुड़ा लिया। पुलिस ने 3 घंटे कांबिंग के बाद तस्कर को दोबारा पकड़ पाया। पुलिस ने तस्कर समेत 16 लोगों के खिलाफ पुलिस टीम पर हमला करने के आरोप का मुकदमा दर्ज किया। तस्कर रशीद उर्फ गुलाब को जेल भेजने के बाद पुलिस ने अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी।लेकिन वह अपने घरों में ताले डालकर फरार हो गए। इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया तस्करों के मोबाइल सर्विलांस पर लगाए गए हैं। जल्दी लोकेशन पर दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
तहसील प्रशासन की जांच
2000 वर्ग गज के प्लाट की तहसील प्रशासन ने शुरू की जांच
स्मैक तस्कर महताब के गिरफ्तार किए जाने के बाद लोगों ने तहसील प्रशासन से शिकायत करके बताया कि स्मैक तस्कर महताब का फरीदपुर में प्राइम लोकेशन पर 2000 वर्ग गज का प्लांट है। वहां पर पहले तालाब हुआ करता था। लेकिन उसे पाटकर प्लाट बना लिया गया। तहसीलदार प्रशांत अवस्थी ने बताया की प्लाट का रिकॉर्ड जूटाया जा रहा है।अगर तालाब को पाट कर प्लांट बनाया गया तो अतिक्रमण हटाकर तालाब को पुराने स्वरूप में लाया जाएगा।
सामान्य प्रश्न
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


