दिल्ली-लखनऊ हाईवे किनारे बक्से में मिला आठ साल के बच्चे का शव
Bareily News - बरेली में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर नकटिया नदी के पास झाड़ियों में एक बक्से में लगभग आठ साल के बच्चे का अज्ञात शव मिला। पुलिस इसे तांत्रिक क्रिया से जोड़कर देख रही है। बच्चे की बाईं आंख क्षतिग्रस्त मिली है और उसके शरीर पर चोटों के निशान हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और गुमशुदा बच्चों की रिपोर्ट की जांच कर रही है।
बरेली। दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब नकटिया नदी के पास झाड़ियों में एक बक्से के भीतर करीब आठ साल के बच्चे का अज्ञात शव बरामद हुआ। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब बक्सा खोला तो अंदर बच्चे का शव देखकर हड़कंप मच गया। बच्चे की बाईं आंख क्षतिग्रस्त मिलना घटना को और संदिग्ध बना रहा है। पुलिस इसे तांत्रिक क्रिया से जुड़ा मामला मानकर भी जांच कर रही है। सूचना मिलते ही पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बच्चे की हत्या कहीं और कर शव यहां लाकर फेंका गया है।
शरीर पर चोटों के निशान भी मिलने की बात सामने आई है। बच्चे की उम्र लगभग आठ साल बताई जा रही है, लेकिन अभी उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और जिले में गुमशुदा बच्चों की रिपोर्ट से मिलान कराया जा रहा है। वहीं, घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामला बेहद गंभीर है और हर एंगल से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों और आंख क्षतिग्रस्त होने की असल वजह साफ हो सकेगी। पुलिस ने जनता से अपील की है कि यदि किसी को बच्चे की पहचान या संदिग्ध गतिविधियों के बारे में कोई जानकारी मिले, तो तुरंत सूचना दें।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


