
सर्दी से धूप के तेवर हुए ठंडे, कंपाने लगी शीतलहर
Bareily News - मौसम का मिजाजसर्दी से धूप के तेवर हुए ठंडे, कंपाने लगी शीतलहरगलन बढ़ने से धूप बेअसर हो गई है। सोमवार सुबह कोहरे की हल्की चादर छाई रही और करीब 11 बजे तक
बरेली। गलन बढ़ने से धूप बेअसर हो गई है। सोमवार सुबह कोहरे की हल्की चादर छाई रही और करीब 11 बजे तक धुंध रही। इसके चलते दृश्यता भी कम रही। दिन में धूप निकली, लेकिन शीतलहर चलने से दिन भर लोगों को ठंड का एहसास होता रहा। मौसम विभाग ने अगले दो-तीन दिन में तापमान में और गिरावट होने के साथ गलन बढ़ने का अनुमान जताया है। सोमवार को सुबह करीब 7 बजे तक कोहरा छाया रहा, इसके बाद कोहरे हटने लगा और हल्की धूप निकली। पूरा दिन धूप के बाद शाम होते ही अचानक फिर धुंध छाने लगी और मौसम ठंडा हो गया।
तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ है। सोमवार को अधिकतम तापमान 22.1 डिग्री और न्यूनतम 7.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि अगले दो-तीन दिन में सर्दी का असर और बढ़ेगा। रात के साथ ही दिन के तापमान में गिरावट आ सकती है। इसके साथ गलन बढ़ने के आसार हैं। तापमान का हाल (डिग्री सेल्सियस में) तारीख अधिकतम न्यूनतम 08 दिसंबर 22.1 7.4 07 दिसंबर 21.1 7.4 06 दिसंबर 21.3 7.5 05 दिसंबर 21.5 5.9 04 दिसंबर 21.7 6.9 03 दिसंबर 22.8 8.2 02 दिसंबर 23.3 6.7 01 दिसंबर 23.0 6.6 -- हवा हुई सर्द, हड्डी-जोड़ों में देने लगी दर्द - जिला अस्पताल में बढ़ी सांस के मरीजों की संख्या फोटो अजय - जिला अस्पताल की ओपीडी में सोमवार को 2900 से अधिक मरीजों का हुआ पंजीकरण बरेली, वरिष्ठ संवाददाता। सर्दी ने अब जोड़ों-हड्डियों में दर्द देना शुरू कर दिया है। सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में हड्डीरोग विशेषज्ञ के कक्ष के बाहर लंबी लाइन लगी रही। दोपहर दो बजे के बाद भी हड्डी-जोड़ों में दर्द के मरीज इलाज कराने पहुंचे। वहीं ओपीडी में बुजुर्गों की संख्या करीब 15 प्रतिशत बढ़ गई है। सर्दी-खांसी के साथ ही सांस, सीने में जकड़न की परेशानी वाले बुजुर्गों की संख्या अधिक रही। जिला अस्पताल की ओपीडी में सोमवार को मरीजों की संख्या अन्य दिनों की तुलना में अधिक रही। पर्चा काउंटर पर सुबह करीब 9 बजे से कतार लगनी शुरू हो गई। मरीजों में 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोग ज्यादा रहे, जिनको सांस लेने में तकलीफ, सीने में दर्द-जकड़न, खांसी-सर्दी और जोड़ों में दर्द की परेशानी थी। वहीं शीतलहर के चलते बच्चों पर बुखार, सर्दी-खांसी हमलावर हो रहे हैं। ओपीडी में 2900 से अधिक मरीजों का पंजीकरण हुआ। इसमें बड़ी संख्या बुजुर्गों और बच्चों की रही। बच्चों की सेहत का रखें खास ख्याल जिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. हरपाल सिंह ने बताया कि इस मौसम में बच्चों के बीमार पड़ने की आशंका अधिक होती है। उनके शरीर की प्रतिरोधक क्षमता वयस्कों जैसी बेहतर नहीं होती। ऐसे में सर्दी-जुकाम, खांसी-बुखार उनको तेजी से अपनी चपेट में ले सकते हैं। बच्चों को नंगे पैर फर्श पर न चलने दें। सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनाने के साथ ही कान जरूर ढककर रखें। गेट खुलने से मिली राहत पर दिव्यांगों के लिए कुर्सिया पड़ी कम फोटो - अजय बरेली, वरिष्ठ संवाददाता। सीएमओ कार्यालय में सोमवार को लगे शिविर में दिव्यांगों को एक बार फिर अव्यवस्था से जूझना पड़ा। दिव्यांगों के लिए कुर्सियां कम पड़ गई। ऐसे में कई दिव्यांग जमीन पर बैठकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। दिव्यांगों की परेशानी को देखते हुए इस बार भी सीएमओ कार्यालय का पिछला गेट खोला गया था। इससे उन्हें शिविर तक आने में सहूलियत हुई। उनको जिला अस्पताल परिसर का चक्कर नहीं काटना पड़ा, लेकिन भीड़ अधिक और कुर्सियां कम होने से परेशानी उठानी पड़ी। कई दिव्यांग सीढ़ियों, जमीन पर बैठे दिखे। उनका परीक्षण भी करीब 12 बजे शुरू हो सका। तीसरे दिन भी बढ़ा वायु प्रदूषण, राजेंद्र नगर में एक्यूआई 150 के पार बरेली। कोहरे और धुंध के चलते शहर में वायु प्रदूषण बढ़ने लगा है। लगातार तीसरे दिन भी आवासीय क्षेत्र राजेंद्र नगर में वायु प्रदूषण सूचकांक 150 से अधिक दर्ज किया गया, जो मध्यम से खराब श्रेणी में आता है। यहां सुबह और शाम के समय हवा में धूलकणों की मात्रा बढ़ने से लोगों को आंखों में जलन और सांस में भारीपन की शिकायतें होने लगी हैं। इसके विपरीत सिविल लाइंस में वायु गुणवत्ता सामान्य स्तर पर दर्ज की गई। फिजिशियन डॉ. राहुल वाजपेई ने बताया कि लगातार प्रदूषित हवा में सांस लेने से फेफड़ों को नुकसान पहुंचने का खतरा रहता है। एलर्जी, दमा और पुराने सांस के रोगियों की तकलीफ ऐसे दिनों में तेजी से बढ़ सकती है। उन्होंने सलाह दी कि सुबह-शाम बाहर निकलने से बचें, मास्क का उपयोग करें और घर की खिड़कियां बंद रखें, ताकि प्रदूषण के प्रभाव को कम किया जा सके।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




