बाइक सवार युवकों ने व्यापारी से हजारों ठगे
राजपुर कलां में बाइक सवार दो बदमाशों ने एक दुकानदार से 7650 रुपये का सामान और नकदी ठग लिया। आरोपियों ने गूगल पे से भुगतान का नाटक किया और जैसे ही दुकानदार ने फोन चेक किया, उन्होंने सामान चुरा लिया। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और जांच जारी है।

राजपुर कलां। अलीगंज थाना क्षेत्र के गांव राजपुर कला में बाइक सवार दो शातिर बदमाशों ने एक दुकानकार से कई हजार की नकदी और सामान ठग लिया। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। दुकानदार मोहित पोरवाल ने बताया कि एक बाइक पर सवार दो लोग उनकी दुकान पर आए। उनमें से एक व्यक्ति बाइक पर ही बैठा रहा, जबकि दूसरा दुकान के अंदर आया। उसने मोहित से 5000 रुपये के नोटों का हार दिखाने को कहा। हार पसंद आने पर उसने उसे अखबार में पैक करवा लिया। उसने 2000 की 20 के नोटों की गड्डी, एक सिगरेट की डिब्बी और कुछ अन्य सामान भी लिया, जिससे कुल 7650 रुपये का बिल हुआ।
उसने गूगल पे से भुगतान करने की बात कही और दुकान पर रखा स्कैनर मांगा। मोहित ने जैसे ही स्कैनर सामने रखा, आरोपी अपने मोबाइल में पैसे ट्रांसफर करने का नाटक करने लगा। उसने दुकानदार से कहा कि वह अपने मोबाइल पर चेक कर लें कि पैसे पहुंचे या नहीं। जैसे ही मोहित ने फोन चेक करने के लिए दराज खोली, वैसे ही काउंटर पर रखा हार और सामान उठाकर बदमाश साथी के साथ फरार हो गया। काफी खोजने का प्रयास किया लेकिन उनका कहीं कोई सुराग नहीं मिला। थाना प्रभारी जगत सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है कार्रवाई की जा रही है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


