Bareily News: बारिश से शहर की बिजली व्यवस्था बेपटरी, कई उपकेंद्रों में जलभराव से आपूर्ति ठप
Bareily News: बरेली में लगातार बारिश के कारण बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई है। रविवार शाम से सोमवार तक कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। जलभराव के कारण उपकेंद्रों की सुरक्षा देखते हुए आपूर्ति रोकी गई। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि उपकरणों को एक साथ चालू न करें।

Bareily News: बरेली, वरिष्ठ संवाददाता। लगातार हुई बारिश के कारण शहर की बिजली व्यवस्था प्रभावित हो गई है। कई विद्युत उपकेंद्रों में जलभराव होने से रविवार शाम से सोमवार तक अलग-अलग इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। डेलापीर, दुर्गानगर, सिविल लाइंस प्रथम, द्वितीय और तृतीय के साथ रामपुर बाग, इज्जतनगर, पवन विहार, जगतपुर, सनसिटी, महानगर, सुभाष नगर, मढ़ीनाथ और हरुनगला समेत कई उपकेंद्र बारिश के पानी से प्रभावित हुए। जलभराव के कारण उपकेंद्रों की सुरक्षा को देखते हुए आपूर्ति रोकनी पड़ी। इससे संबंधित क्षेत्रों में लोगों को बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। विभाग की ओर से बताया गया कि पानी सुरक्षित रूप से निकलने के बाद उपकेंद्रों की स्थिति देखकर बिजली आपूर्ति चरणबद्ध तरीके से बहाल की जा रही है।
विभागीय टीमें लगातार मौके पर काम कर रही हैं। बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि आपूर्ति बहाल होने के तुरंत बाद घरों और प्रतिष्ठानों के सभी विद्युत उपकरण एक साथ चालू न करें। ऐसा करने पर अचानक लोड बढ़ने से ओवरलोड की स्थिति बन सकती है और दोबारा बिजली आपूर्ति बाधित हो सकती है। उपभोक्ताओं से उपकरणों को क्रमश: चालू करने और धैर्य बनाए रखने की अपील की गई है।


