शराब कारोबारी मनोज जायसवाल समेत 18 की खुली हिस्ट्रीशीट
Bareily News - पुलिस ने शराब कारोबारी मनोज जायसवाल समेत 18 अपराधियों के खिलाफ हिस्ट्रीशीट खोलने की कार्रवाई की है। इनमें विभिन्न अपराधों में संलिप्त अपराधी शामिल हैं। मनोज जायसवाल की संपत्ति भी जब्त की गई है। सभी अपराधियों की निगरानी की जाएगी।

पुलिस ने शराब कारोबारी मनोज जायसवाल समेत 18 अपराधियों के खिलाफ हिस्ट्रीशीट खोलने की कार्रवाई की है। इनमें गोकशी के पांच, मादक पदार्थ तस्करी के पांच, चोरी, लूट व छिनैती के छह, बलवा के तीन, हत्या व जानलेवा हमला के तीन, नकबजनी के तीन, धोखाधड़ी के दो और अवैध शराब का एक आरोपी है। हिस्ट्रीशीट खुलने के बाद अब ये सभी अपराधी पुलिस की लगातार निगरानी में रहेंगे और किसी अन्य अपराध में संलिप्तता मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बारादरी थाने में ग्रीन पार्क निवासी शराब कारोबारी मनोज जायसवाल, जोगीनवादा के गैंगस्टर सौरभ राठौर, एजाजनगर के अफजाल हुसैन उर्फ मुल्ला, हजियापुर के उत्तम पटेल, धोखाधड़ी के आरोपी रामबाबू, खुर्रम गौटिया के हत्यारोपी नैतिक सोनकर, संजयनगर के आकाश ठाकुर, रोहली टोला के मादक पदार्थ तस्कर मुजीब अहमद, जगतपुर के अंशु पटेल, लूट के आरोपी हजियापुर के अरशद, चोरी के आरोपी सूफी टोला के आरिश खान की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। इनमें से नैतिक सोनकर और आकाश ठाकुर के खिलाफ खुर्रम गौटिया चौराहे पर हनुमान दल के उपाध्यक्ष की हत्या करने के आरोप में यह कार्रवाई की गई है。
मनोज जायसवाल की संपत्ति जब्त
पुलिस के मुताबिक शराब कारोबारी मनोज जायसवाल के खिलाफ बरेली, लखनऊ और सहारनपुर में धोखाधड़ी एवं गैंगस्टर समेत छह मुकदमे दर्ज हैं। सहारनपुर की टपरी डिस्टलरी में टैक्स चोरी कर शराब सप्लाई करने के मामले में उसका नाम सामने आया था और इसी मामले में गैंगस्टर की कार्रवाई के पिछले दिनों सहारनपुर प्रशासन ने उसकी संपत्ति जब्त की थी।
मीरगंज, शाही और शीशगढ़ में खुलीं सात हिस्ट्रीशीट
मीरगंज थाने में गोकशी के आरोपी सूफीटोला निवासी अफजाल, अरशीन कुरैशी व निजाम बाबरनगर के मो. शहीद उर्फ भूरा और मसीहाबाद के अनिल के खिलाफ नकबजनी के आरोप में हिस्ट्रीशीट खोली गई है। शाही में लूट एवं एनडीपीएस के आरोपी दुनका निवासी लालता प्रसाद उर्फ नन्हे और शीशगढ़ में जाफरपुर निवासी गोकश काले के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है।
अपराध पर रोकथाम
अपराध पर रोकथाम लगाने के लिए गोकशी, हत्या, अवैध शराब, चोरी, लूट एवं अन्य अपराधों में शामिल 18 शातिर अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। संबंधित थानों की पुलिस अब इन सभी अपराधियों की लगातार निगरानी करेगी और किसी अपराध में संलिप्तता मिलने पर कड़ी कार्रवाई करेगी।
- अनुराग आर्य, एसएसपी
सामान्य प्रश्न
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


