
साइबर ठगी के कालेधन को खपाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश
Bareily News - बरेली में पुलिस ने ऑनलाइन साइबर ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से 54 हजार रुपये, मोबाइल, एटीएम कार्ड और जाली बिल मिले हैं। गिरोह का नेटवर्क दिल्ली से जयपुर तक फैला हुआ था।
बरेली, वरिष्ठ संवाददाता। ऑनलाइन साइबर ठगी कर रुपये को बैंक और बोगस फर्मों के जरिए खपाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। गिरोह के चार सदस्यों को भुता पुलिस ने केसरपुर साप्ताहिक बाजार के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 54 हजार रुपये, सात मोबाइल-टैबलेट, कई बैंकों के एटीएम-डेबिट कार्ड और बोगस फर्मों का जाली बिल मिला है। पूछताछ में पता चला है कि गिरोह का नेटवर्क दिल्ली-नोएडा से लेकर जयपुर तक फैला है। पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता करते हुए एसपी साऊथ अंशिका वर्मा ने बताया कि पुलिस को साइबर ठगी के रुपये बैंक खातों में जमा कर उसे खपाने वाले गिरोह के बारे में इनपुट मिला था।
यह गिरोह खुद को नामी बीमा कंपनियों का एजेंट बताकर लोगों की पूरी हो रही पालिसी पर अच्छा मुनाफा देने का लालच देकर ठगी करता था। इसी जानकारी के आधार पर पुलिस ने पड़ताल शुरू की तो गिरोह का पर्दाफाश हुआ। पुलिस को सूचना मिली थी कि केसरपुर साप्ताहिक बाजार के खाली मैदान में एक स्लेटी रंग की कार में गिरोह के लोग बैठे हैं। सूचना पर उप निरीक्षक वीकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोपहर करीब 1:15 बजे मौके पर छापा मारा और कार में सवार चारों आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों में मो. नबी, मो. अकरम और आरिफ भुता के केसरपुर के रहने वाले हैं। चौथा आरोपी फरमान फतेहगंज पश्चिमी के धंतियां गांव का रहने वाला है। पूछताछ में आरोपियों के दो अन्य साथियों का नाम सामने आया है जिनकी तलाश की जा रही है। बयान साइबर ठगी करने के बाद रुपये को बोगस फर्म और बैंक खातों के जरिये खपाने वाले गिरोह के चार सदस्यों को पकड़ा गया है। उनके पास मोबाइल फोन, टैबलेट, कई बैंकों के एटीएम कार्ड मिले हैं। गिरोह के कई अन्य सदस्यों का पता चला है जिनकी तलाश की जा रही है। - अंशिका वर्मा, एसपी साऊथ

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




