जनसेवा केंद्र की आड़ में फर्जी दस्तावेज बनाने का भंडाफोड़

Aug 10, 2025 04:01 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, बरेली
share

Bareily News - इज्जतनगर पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जो जनसेवा केंद्र और इंटरनेट कैफे की आड़ में फर्जी दस्तावेज बना रहा था। आरोपी सुमित शर्मा के पास से कई फर्जी दस्तावेज और बनाने के उपकरण बरामद हुए हैं।...

जनसेवा केंद्र की आड़ में फर्जी दस्तावेज बनाने का भंडाफोड़

इज्जतनगर पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर जनसेवा केंद्र एवं इंटरनेट कैफे की आड़ में संचालित फर्जी दस्तावेज बनाने के धंधे का भंडाफोड़ किया है। गिरफ्तार आरोपी अपने साथी की मदद से आधार, आयुष्मान, ई श्रम जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज बनाता था। उसके कब्जे से तमाम फर्जी दस्तावेज और उन्हें बनाने के उपकरण बरामद हुए हैं। इज्जतनगर इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार शाम सूचना मिली कि खजुरिया घाट गांव में इंटरनेट कैफे व जनसेवा केंद्र की आड़ में दो व्यक्ति फर्जी दस्तावेज बनाते हैं। इस पर टीम के साथ वहां दबिश देकर खजुरिया घाट निवासी सुमित शर्मा को गिरफ्तार किया गया।

गांव में ही रहने वाला उसका साथी जगमोहन पुलिस देखकर मौके से फरार हो गया। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी दुकान का शटर आधा गिराकर फर्जी आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, प्रधान मंत्री जन आयोग नियोजना कार्ड, ई- श्रम कार्ड आदि बनाते हैं। साथ ही एयरटेल और वोडाफोन के सिम कार्ड भी बेचते हैं। मौके से 26 आधार कार्ड, आठ आयुष्मान कार्ड, 25 एयरटेल सिम कार्ड, सात वोडाफोन सिम कार्ड, कंप्यूटर, प्रिंटर, लैमिनेशन मशीन, फिंगर प्रिंट डिवाइस, दो पैकेट हार्ड पेपर, दो पैन कार्ड, एक पीएम सीएचसी कार्ड, एक ड्राइविंग लाईसेन्स, नौ प्रधानमंत्री जनआयोग नियोजना कार्ड और 19820 रुपये बरामद किए गए। दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर सुमित शर्मा को शनिवार को जेल भेज दिया गया है। उसके साथ जगमोहन की तलाश की जा रही है। रिचार्ज कर वेबसाइट से बनाते थे फर्जी दस्तावेज पूछताछ में सामने आया कि फर्जी दस्तावेज बनाने के लिए वे ऑनलाइन वेबसाइड (https://printscard.in) का उपयोग करते थे। इस वेबसाइट पर संबंधित व्यक्ति की जानकारी भरने के बाद फर्जी आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, प्रधान मंत्री जन आयोग नियोजना कार्ड, ई- श्रम कार्ड आदि बनाते थे। आरोपी सुमित ने बताया कि इस वेबसाइट को ऑनलाइन रिचार्ज करना पड़ता है और उससे संख्या के आधार पर फर्जी दस्तावेज बनाए जाते हैं। कई जिलों में धंधा, दस्तावेज के हिसाब से कीमत पुलिस की जांच में मौके से बड़ी तादात में फर्जी दस्तावेज और कंप्यूटर में तमाम दस्तावेज सुरक्षित मिले। पुलिस ने जब इन दस्तावेजों की जांच की तो वे शाहजहांपुर, बदायूं और बरेली जनपद से संबंधित निकले। पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपियों ने इन सभी जिलों में अपना जाल फैला रखा था, जिससे वे लोग फर्जी दस्तावेज बनवाने यहां पहुंचते थे। दस्तावेज और व्यक्ति की जरूरत के हिसाब से कीमत तय होती थी। इसके बदले आरोपी दो हजार से लेकर दस हजार रुपये तक वसूलते थे। हाल में सामने आए मामले 05 जून : अलीगंज के गांव गैनी में रहने वाले देवेश पाठक की दुकान पाठक कम्युनिकेशन एंड मोबाइल सेंटर पर कार्रवाई 30 मई : भोजीपुरा के गांव पचदौरा दोहरिया में जनसेवा केंद्र की आड़ फर्जी आधार कार्ड, मार्कशीट और जाति समेत तमाम तरह के प्रमाण पत्र बनाने का भंडाफोड़, मोहम्मद फहीम उर्फ गुड्डू और जियाउल मुस्तफा गिरफ्तार। 29 मई : सीबीगंज के गांव महेशपुर निवासी कथित भाजपा नेता मुकेश देवल घर में ही जनसेवा केंद्र की आड़ में आधार कार्ड और मार्कशीट जैसे फर्जी दस्तावेज बना रहा था। आरोपी अभी तक फरार है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।