Bareily News: हरियाली बाजार के पेट्रोल पंप पर बदमाशों ने की फायरिंग
Bareily News: -तैनात सिक्योरिटी गार्ड ने भी की जवाबी फायरिंग -मौके पर दो बाइक व मोबाइल छोड़कर

Bareily News: फरीदपुर। हरियाली बाजार के पेट्रोल पंप पर पेट्रोल डलवाकर भाग रहे बदमाश को सेल्समैन ने दबोच लिया। इसके बाद बदमाशों के साथियों ने सेल्समैन को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग की। पेट्रोल पंप पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड ने जवाबी कार्रवाई करते हुए कई फायर किए। इसके बाद बदमाश अपनी बाइक छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने बाइक कब्जे में लेकर बदमाशों को चिह्नित करना शुरू किया है। पेट्रोल पंप के मैनेजर की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बरामद की गई दो बाइक चोरी की बताई जा रही हैं। मौके से मिले बदमाश के मोबाइल से पुलिस बदमाशों को चिह्नित करने की कोशिश कर रही है।
फरीदपुर में हाईवे पर हरियाली बाजार का पेट्रोल पंप है। यहां मोहल्ला ऊंचा के श्याम मोहन सक्सेना मैनेजर हैं। मैनेजर ने बताया कि बुधवार की रात उनका सेल्समैन पेट्रोल डाल रहा था। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार चार लोग पेट्रोल डलाने पहुंचे। दोनों ने अपनी बाईकों में पेट्रोल डलवाया। इसके बाद वह लोग पेट्रोल के पैसे दिए बगैर बाइक से भागने की कोशिश करने लगे। सेल्समैन ने एक बाइक सवार को पकड़ लिया। उसकी बाइक गिर गई। इसके बाद दूसरी बाइक पर सवार बदमाशों ने सेल्समैन पर फायर झोक दिए। पेट्रोल पंप पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड ने बचाव करते हुए हवाई फायरिंग की। इसके बाद बदमाश अपनी बाइक छोड़कर मौके से भाग निकले। सेल्समैन ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके से दोनों बाइक और एक मोबाइल बरामद किया है। पुलिस ने बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर से बदमाशों को चिह्नित करने की कोशिश की, लेकिन उनके चेसिस नंबर मिटे हुए पाए गए। पुलिस का मानना है कि बरामद की गई बाइक चोरी की हैं। पुलिस बरामद किए गए मोबाइल से बदमाशों को चिह्नित कर रही है। हरियाली बाजार पेट्रोल पंप के मैनेजर श्याम मोहन सक्सेना की तहरीर पर पुलिस ने चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द बदमाशों को चिह्नित करके गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


