बरेली : लॉकडाउन के चलते लोगों ने घरों में अदा की नमाज, ईदगाह पर पहरा
कोरोना महामारी ने ईद की मिठास भी फीकी कर दी। लॉकडाउन के चलते सोमवार को ईद के मौके पर ईदगाह, मस्जिदें सूनी रही जबकि घरों में नमाज अदा की गई। ईदगाह, मस्जिदों में सामूहिक नमाज की इजाजत प्रशासन ने नहीं...
कोरोना महामारी ने ईद की मिठास भी फीकी कर दी। लॉकडाउन के चलते सोमवार को ईद के मौके पर ईदगाह, मस्जिदें सूनी रही जबकि घरों में नमाज अदा की गई। ईदगाह, मस्जिदों में सामूहिक नमाज की इजाजत प्रशासन ने नहीं दी। चंद लोगों ने ही मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की। जबकि घरों में अलग अलग मसलकों ने अपने हिसाब से नमाज अदा कर कोरोना महामारी को खत्म और हिन्दुस्तान की तरक्की के लिए दुआ की। तड़के सुबह पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा। चप्पे चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा।
सोमवार को शहर से लेकर देहात में ईद की नमाज घरों से अदा की गई, किसी को भी ईदगाह और किसी भी मस्जिद में नमाज नहीं पढ़ने की इजाजत दी गई। दरगाह आला हजरत से जुड़े नासिर कुरैशी ने बताया कि दरगाह प्रमुख सुब्हानी मियां, सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां ने लोगों से सादगी से ईद मनाने की अपील की थी। जिसका असर आज सुबह नजर भी आया। लोगों ने घरों में ही सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए चाशत की नमाज अदा कर कोरोना बीमारी के खात्मे और हिन्दुस्तान की तरक्की के लिए दुआ की।
उधर, पुलिस प्रशासन ने ईदगाह में किसी को भी नहीं जाने दिया गया। पूरे परिसर को सील कर फोर्स तैनात कर दी गई थी। ताकि कोई भी भीड़ इकट्ठी न हो पाए। कई मस्जिदों के बाहर भी कड़ा पहरा रहा। अलग-अलग मसलक के लोगों ने अपने हिसाब से ईद की नमाज अदा की है।