संवेदनशील होलिका की सीसीटीवी से होगी निगरानी
Bareily News - पीस कमेटी की मीटिंग में डीएम अविनाश सिंह और अनुराग आर्य ने सभी त्योहार आपसी प्यार और सौहार्द से मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया की प्रत्

पीस कमेटी की बैठक में डीएम अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य ने सभी त्योहार सौहार्द से मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया की प्रत्येक पोस्ट पर पुलिस की नजर है। अगर किसी ने खुराफात करने की कोशिश की तो पुलिस उससे सख्ती से पेश आएगी और उसका त्योहार जेल में ही मनेगा। होली, रमजान को लेकर जीआईसी ऑडिटोरियम में संपन्न हुई पीस कमेटी की बैठक में एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि सभी के सहयोग और सामंजस्य से त्योहार संपन्न होंगे। सभी स्थानों पर होलिका सुरक्षा समिति बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि कोई भी समय से पहले होलिका दहन न करे और न ही किसी का सामान उसमें डालकर माहौल खराब कर सके।
बताया कि सोशल मीडिया पर 24 घंट नजर रखी जा रही है, गलत पोस्ट करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। उन्होंने पुरानी हो चुकी पीस कमेटियों का फिर से गठन कराने की भी बात कही। बैठक में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, एडीएम सिटी सौरभ दुबे, एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह, एडीएम एफआर संतोष कुमारी सिंह समेत पुलिस-प्रशासन के तमाम अफसर, संभ्रांत नागरिक और पीस कमेटी के सदस्य मौजूद रहे। पंचायत चुनाव के चलते बढ़ी संवेदनशीलता एसएसपी ने अधिकारियों से कहा कि प्रधानी के चुनाव के कारण इस बार होली का त्योहार और भी ज्यादा संवेदनशील है। जिन क्षेत्रों की होलिकाएं संवेदनशीलता की श्रेणी 'ए प्लस' में आती हैं, वहां सीसीटीवी लगवाकर निगरानी कराएं। उन्होंने लोगों से अपील की यदि कहीं अवैध या कच्ची शराब के बारे में जानकारी हो तो पुलिस को सूचना दें। डीएम ने कहा, अपराधियों पर पैनी नजर डीएम अविनाश सिंह ने निर्देश दिए की पुलिस व प्रशासन के अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों का भ्रमण कर समस्याएं देखकर उनका निस्तारण कराएं। भोजीपुरा व मीरगंज में छोटे बच्चों की पानी में डूबने से मृत्यु होने की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने बच्चों का ध्यान रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि गोपनीय सर्वें कराकर पांच या पांच से ज्यादा गंभीर धाराओं वाले अपराधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। अगर कोई माहौल बिगाड़ने का प्रयास करेगा तो कठोर कार्यवाही की जाएगी। गूगल मीट में होली के विवादों की समीक्षा के निर्देश बरेली। होली को लेकर मंगलवार सुबह एसएसपी अनुराग आर्य ने सभी एडिशनल एसपी, सीओ और थाना प्रभारियों के साथ मीटिंग की। इस दौरान उन्होंने लंबित विवेचनाओं की समीक्षा के साथ ही सभी एफआईआर को ई-साक्ष्य एप पर लिंक करने के निर्देश दिए। कहा कि होली से पहले सभी पुराने विवादों की समीक्षा कर उनका निस्तारण भी कर लें। जुलूस मार्ग का भ्रमण कर प्रतिदिन पैदल गश्त की जाए। पिछले साल होली पर यूपी 112 पर मिली विवाद की सूचनाओं की भी समीक्षा करें। हर संवदेनशील स्थान पर चार्ट बनाकर ड्यूटी लगाई जाए।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


