ट्रैक्टर-ट्रॉली ने तोड़े दो खंभे, बिजली ठप होने पर हंगामा
Bareily News - ट्रैक्टर-ट्रॉली ने तोड़े दो खंभे, बिजली ठप होने पर हंगामा

अलीगंज। शुक्रवार रात गन्ने से भरी ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने सड़क किनारे खड़े दो बिजली के पोल तोड़ दिए, जिससे वहां की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, आक्रोशित लोगों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोक लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची लोगों को समझाकर शांत किया। शुक्रवार देर रात गांव रुस्तमपुर के विक्रम बिशारतगंज के ढका से गन्ने से भरी ट्राली लेकर रामपुर के शाहबाद जा रहे थे। अलीगंज के बिजली जेई नीरज कुमार ने बताया कि अलीगंज बड़ी मस्जिद के पास गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से बिजली के दो पोल टूट गए।
सूचना पर लाइनमैनों को मौके पर भेज दिया गया है और पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। उन्होंने बताया कि क्षति की भरपाई ट्रैक्टर मालिक से वसूल की जाएगी और मरम्मत कराकर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। घटना के चलते आसपास के मोहल्लों में तभी से अंधेरा छाया रहा, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों ने ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। एसडीओ रमेश कुमार ने बताया कि हाईड्रा वाहन मंगवाया गया है जिससे पोल खड़े कराए जाएंगे, इसके बाद ही शनिवार देर शाम बिजली चालू हो सकेगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


