Hindi NewsUttar-pradesh NewsBareily NewsMurder Over Land Dispute Bhupendra Singh Killed in Shergarh
शेरगढ़ हत्या: ट्यूबवेल लाइन और खेत को लेकर था विवाद

शेरगढ़ हत्या: ट्यूबवेल लाइन और खेत को लेकर था विवाद

संक्षेप:

Bareily News - शेरगढ़ में तुलाराम और भूपेंद्र सिंह के बीच ट्यूबवेल लाइन और खेत को लेकर विवाद था। शनिवार शाम, तुलाराम पक्ष ने धोखे से भूपेंद्र सिंह की हत्या कर दी। भूपेंद्र के परिवार में मातम है, क्योंकि उन्होंने फरवरी में अपनी बेटियों की शादी तय की थी। मामले की जांच जारी है।

Sun, 9 Nov 2025 02:15 AMNewswrap हिन्दुस्तान, बरेली
share Share
Follow Us on

शेरगढ़। तुलाराम और भूपेंद्र सिंह पक्ष के बीच करीब डेढ़-दो साल से ट्यूबवेल लाइन और खेत को लेकर विवाद चल रहा था। एक बार मारपीट भी हुई थी लेकिन फिर दोनों पक्ष शांत हो गए और उनमें बीतचीत भी होने लगी थी। मगर शनिवार शाम आरोपियों ने धोखे से भूपेंद्र सिंह की हत्या कर दी। परिवार वालों ने बताया कि भूपेंद्र सिंह के भतीजे रोहन सिंह ने करीब तीन साल पहले रामदास का खेत एक लाख रुपये में गिरवीं रखा था। तय हुआ था कि जब तक रामदास एक लाख रुपये नहीं लौटाएंगे, खेत में रोहन खेती करेंगे। करीब दो साल पहले रामदास ने यह खेत तुलाराम को बेच दिया तो वह कब्जा मांगने लगा।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

मगर खेत में गन्ने की फसल खड़ी थी, जिसके चलते रोहन ने कब्जा नहीं दिया। इसको लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ तो भूपेंद्र ने तुलाराम को थप्पड़ मार दिए थे। इसको लेकर वह रंजिश मानता था लेकिन विवाद पुराना होने के चलते दोनों पक्षों में बातचीत होने लगी थी। इसी बीच भूपेंद्र सिंह ने अपने खेत में करीब डेढ़-दो साल पहले ट्यूबवेल लगवाया। इसकी लाइन खिंचवाने के दौरान तुलाराम ने विरोध किया तो दोनों पक्षों में फिर से विवाद हुआ लेकिन गांव के लोगों के समझाने पर मामला शांत हो गया। मगर इन दोनों घटनाओं को लेकर मनमुटाव बना रहा और शनिवार शाम तुलाराम पक्ष ने भूपेंद्र सिंह की हत्या कर दी। अधिकारियों ने बटाईदार से की बातचीत घटना के बाद एसपी नॉर्थ मुकेश चंद्र मिश्र, सीओ बहेड़ी अरुण सिंह मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने घटना के प्रत्यक्षदर्शी भूपेंद्र सिंह के बटाईदार धर्मपाल से बात कर पूरे मामले की जानकारी दी। एसपी नॉर्थ ने शेरगढ़ पुलिस को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। फरवरी में होनी थी बेटियों की शादी परिवार वालों ने बताया कि भूपेंद्र सिंह के सात बच्चे हैं। इनमें से चार बेटियां और तीन बेटे हैं। उन्होंने दो बेटियों की शादी तय कर दी थी, जो फरवरी में होनी थी। इसको लेकर घर में तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच उनकी मौत से परिवार से मातम छा गया है। पुरानी रंजिश को लेकर हत्या करने की बात सामने आई है। मृतक के बेटे ने तीन आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। - मुकेश चंद्र मिश्र, एसपी नॉर्थ