Hindi NewsUttar-pradesh NewsBareily NewsMurder Conspiracy Unveiled IMC Leader s Wife and Associates Arrested in Sapa Councillor s Killing
अनीस और नदीम की पत्नी ने दी थी हत्या की सुपारी और तमंचा

अनीस और नदीम की पत्नी ने दी थी हत्या की सुपारी और तमंचा

संक्षेप:

Bareily News - आईएमसी नेता अनीस सकलैनी की पत्नी यासमीन और नदीम खान की पत्नी ने पूर्व सपा पार्षद फिरदौस खां की हत्या की सुपारी दी थी। बारादरी पुलिस ने गैंगस्टर फुरकान को गिरफ्तार किया है। एसपी ट्रैफिक के अनुसार, मामले में कई आरोपियों के नाम बढ़ाए जाएंगे और फरार अपराधियों पर इनाम की राशि बढ़ाई जाएगी।

Jan 05, 2026 02:40 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, बरेली
share Share
Follow Us on

बवाल के आरोपी आईएमसी नेता एवं पार्षद अनीस सकलैनी की पत्नी यासमीन और वांछित चल रहे 15 हजार के इनामी नदीम खान की पत्नी ने पूर्व सपा पार्षद की हत्या के लिए सुपारी की रकम और तमंचा मुहैया कराया था। सुपारी लेने वाले पीलीभीत के गैंगस्टर को बारादरी पुलिस ने जेल भेज दिया है और अब अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। प्रेसवार्ता के दौरान प्रभारी एसपी सिटी एवं एसपी ट्रैफिक मो. अकमल खान ने बताया कि आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा के आह्वान पर इस्लामिया ग्राउंड जाने की कोशिश कर रही भीड़ ने 26 सितंबर 2025 को बवाल किया था।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

इस मामले में दस मुकदमे दर्ज कर मौलाना तौकीर, आईएमसी के महानगर अध्यक्ष एवं पार्षद अनीस सकलैनी, फैजुल नवी और मोईन समेत 80 से ज्यादा उपद्रवी जेल भेजे गए थे। इन मुकदमों में सपा के पूर्व पार्षद चक महमूद निवासी फिरदौस खां ने गवाही दी है। इसके चलते अनीस सकलैनी समेत आरोपी उनसे रंजिश मानने लगे और अपनी पत्नी यासमीन से मिलकर फिरदौस की हत्या की साजिश रच दी। इस मामले में फिरदौस ने थाना बारादरी में अनीस सकलैनी की पत्नी यासमीन, बेटा अदनान के अलावा साजिद सकलैनी, नदीम खां, बबलू खां, मोबीन कुरैशी, नईम कुरैशी उर्फ लाली, फैजान कुरैशी और फुरकान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। शनिवार देर रात फुरकान को गिरफ्तार कर रविवार को पुलिस ने जेल भेज दिया। नकटिया में जाकर दी गई हत्या की सुपारी एसपी ट्रैफिक अकमल खान ने बताया कि फुरकान पीलीभीत में बीसलपुर के गांव ग्यासपुर का रहने वाला है, जो अब नकटिया में रहकर चाय की दुकान चलाता है। उसे तमंचा समेत गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया गया है। पूछताछ में फुरकान ने बताया कि 22 दिसंबर को जब वह दुकान पर था तो अनीस की पत्नी यासमीन और नदीम खां की पत्नी ने उसे मिलकर एक थैला दिया, जिसमें एक तमंचा और 20 हजार रुपये थे, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। यासमीन ने कहा कि उन्हें अनीस सकलैनी व फैजुल नवी ने भेजा है और फिरदौस खां को रास्ते से हटाना है क्योंकि उसके बाहर रहते जमानत नहीं हो पाएगी। फुरकान पर हैं कई मुकदमे, पीलीभीत जेल में हुई दोस्ती सीओ पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि रेप के एक मामले में अनीस सकलैनी, फैजुल नवी और नदीम पीलीभीत जेल में बंद थे। वहीं पर फुरकान से इन लोगों की दोस्ती हुई। जमानत पर छूटने के बाद वह हाफिजगंज से गोकशी के एक मामले में जेल भी गया। अब उसके खिलाफ पुलिस मुठभेड़, गैंगस्टर, लूट, गोकशी और आर्म्स एक्ट समेत दस मुकदमे दर्ज हैं। मुकदमे में बढ़ेंगे कई आरोपियों के नाम इस मुकदमे में पुलिस ने आर्म्स एक्ट की धारा बढ़ा दी है। इसके साथ ही 15 हजार के इनामी नदीम खां की पत्नी और जेल में बंद अनीस सकलैनी का नाम भी मुकदमे में बढ़ाया जाएगा। फरार चल रहे इनामी अपराधियों पर इनाम की रकम बढ़ाई जाएगी और बाकी पर इनाम घोषित कराकर शीघ्र गिरफ्तारी कराई जाएगी।