ग्राम प्रधान समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज
नवाबगंज में चार माह पूर्व एक युवक कुंवरसेन की संदिग्ध मौत के मामले में उसके भाई ने ग्राम प्रधान और तीन अन्य पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि कुंवरसेन की पत्नी के प्रेम संबंधों के चलते उसकी हत्या की गई। दरोगा पर भी साठगांठ का आरोप है।

नवाबगंज। चार माह पूर्व एक युवक की मौत के मामले में कोर्ट के आदेश पर मृतक के भाई ने ग्राम प्रधान और उसकी पत्नी समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। नवाबगंज थाना क्षेत्र के चुनुआ गांव के तेजपाल ने सीजेएम में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि उसके भाई कुंवरसेन की पत्नी अमरवती के गांव के ही धर्मेंद्र कुमार से संबंध थे। आरोप है कि कुछ समय पूर्व अमरवती घर से जेवर और बच्चों को लेकर धर्मेंद्र के साथ चली गई। बाद में गांव के लोगों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था। 12 फरवरी 2026 को उसके भाई कुंवरसेन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसने अमरवती, धर्मेंद्र कुमार, चोखेलाल व ग्राम प्रधान हेतराम पर साजिश के तहत उसके भाई की हत्या करने का आरोप लगाया है। इस मामले में सोमवार को तेजपाल की ओर से कोर्ट के आदेश पर थाना नवाबगंज में मुकदमा दर्ज कराया गया है。
दरोगा पर लगाए आरोपी से साठगांठ के आरोप
मृतक के भाई तेजपाल ने आरोप लगाया है कि भाई की मौत के बाद उन्होंने दरोगा विजय को पंचनामा भरने के लिए सूचित किया, लेकिन वह खुद नहीं आए और उनसे कहा कि लाश लेकर थाने आ जाओ वहीं पंचायतनामा भरेंगे। मुकदमे के लिए ग्राम प्रधान के खिलाफ उन्होंने तहरीर दी थी लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उल्टा उनसे कहा कि ग्राम प्रधान का नाम निकाल दो तो रिपोर्ट दर्ज हो जाएगी।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


