आरएन टैगोर कॉलेज में शुरू हुई एआई एंड रोबोटिक्स लैब
Bareily News - आरएन टैगोर इंटर कॉलेज में छात्रों की शिक्षा को उन्नत करने के लिए नई सुविधाओं का विकास किया गया है। मेजर जनरल आईएस गिल ने इन सुविधाओं का उद्घाटन किया, जिनमें कलाकृति स्टूडियो, नवचेतना लाइब्रेरी, एआई और रोबोटिक्स लैब शामिल हैं। यह पहल छात्रों को 21वीं सदी की तकनीकों से जोड़ते हुए नवाचार को प्रोत्साहित करेगी।

छावनी क्षेत्र स्थित आरएन टैगोर इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं की शिक्षा को उच्च स्तर तक ले जाने के लिए वहां कई सुविधाओं का विकास किया गया है। शुक्रवार को कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि यूबी एरिया के चीफ ऑफ स्टाफ मेजर जनरल आईएस गिल ने इन नवीन सुविधाओं का उद्घाटन किया। इन सुविधाओं में कलाकृति स्टूडियो, नवचेतना लाइब्रेरी, एआई एंड रोबोटिक्स लैब और एआई ड्रोन लैब शामिल है। मुख्य अतिथि ने फीता काटकर इन अत्याधुनिक एवं नवाचार आधारित सुविधाओं का शुभारंभ किया। कार्यक्रम स्थल को पारंपरिक पुष्प सज्जा से सुसज्जित किया गया, जिससे वातावरण अत्यंत उत्साहपूर्ण एवं प्रेरणादायक रहा।
इस अवसर पर ब्रिगेडियर गगनदीप सिंह की भी उपस्थिति रही। कैंट बोर्ड की सीईओ डॉ. तनु जैन ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। अपने संबोधन में मेजर जनरल आईएस गिल ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में इस प्रकार की आधुनिक एवं तकनीक आधारित पहल विद्यार्थियों को भविष्य के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। डॉ. तनु जैन ने बताया कि कलाकृति स्टूडियो विद्यार्थियों की सृजनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करेगा, नवचेतना लाइब्रेरी ज्ञान-विस्तार का केंद्र बनेगी, जबकि एआई एंड रोबोटिक्स लैब एवं एआई ड्रोन लैब विद्यार्थियों को 21वीं सदी की उन्नत तकनीकों से जोड़ते हुए उन्हें नवाचार एवं अनुसंधान के लिए प्रेरित करेंगी। उन्होंने कहा कि यह पहल विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



