
कर्ज चुकाने को किया था अपहरण, जेल गया एमबीबीएस का छात्र
Bareily News - फतेहगंज पश्चिमी में एमबीबीएस के छात्रों गौरव वरपे और गौरवेंद्र का अपहरण करने के मास्टरमाइंड दिविज को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। दिविज ने कर्ज चुकाने के लिए अपहरण की योजना बनाई थी। अपहरण के बाद 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी, लेकिन पुलिस के सक्रिय होने पर दोनों छात्रों को छोड़ दिया गया।
मीरगंज/फतेहगंज पश्चिमी। एमबीबीएस के छात्र गौरव वरपे और गौरवेंद्र के अपहरण के मास्टरमाइंड साथी छात्र दिविज को फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने गुरुवार को जेल भेज दिया। इस दौरान दिविज ने कर्ज से उबरने के लिए अपहरण करने की बात स्वीकार की। अब उसके साथियों की तलाश की जा रही है। पूछताछ में दिविज बहल ने बताया कि वह दिल्ली में थाना विजय विहार में रोहिण सेक्टर-5 का रहने वाला है। गौरव और गौरवेंद्र के साथ ही एमबीबीएस थर्ड ईयर का छात्र है। मगर काफी कर्ज होने के चलते वह परेशान था। इसी बीच उसकी जानकारी में आया कि गौरव के खाते में एक करोड़ रुपये हैं तो उसका अपहरण करने के बारे में सोच लिया।
सितंबर 2025 में दिल्ली से लौटते समय कैब संचालक आकाश से उसकी बात हुई तो अपहरण की योजना बनाई। आकाश ने उसे अपराधी सोनू से मिलाया और अपहरण के बदले उसे दस लाख रुपये देने की बात तय हुई। सात नवंबर को हुए फेल तो नौ को किया अपहरण आरोपियों ने सात नवंबर को भी गौरव को अगवा करने की कोशिश की थी। गौरव चाय पीने आए तो आरोपियों ने अपहरण के लिए कॉलेज के पास ईको कार लगाई। मगर लड़की का मामला होने की अफवाह हुई तो उन्हें भागना पड़ा और वे कामयाब नहीं हो सके। इस पर दोबारा अपहरण की योजना बनाई गई और नौ नवंबर को दिविज गौरव और गौरवेंद्र को राधा-कृष्ण मंदिर लेकर आया और वहां से लौटते समय तीन बाइक और ईको कार से आए बदमाशों संग अपहरण कर लिया। गुमराह करने के लिए दिविज का भी मोबाइल छीना पुलिस के मुताबिक सोनू और उसके साथियों ने गौरव व गौरवेंद्र के साथ ही दिविज को ईको में बैठा लिया। उन्होंने तीनों के मोबाइल छीन लिए। दिविज ने गौरव से यूपीआई का पिन पूछकर उसके खाते से 59 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए फिर मोबाइल सोनू को दे दिया। आरोपियों ने अलग-अलग एटीएम से दिविज के खाते में ट्रांसफर करके यह रकम निकाली। खाते में ज्यादा रकम न मिलने पर मांगी फिरौती दिविज ने गौरव के खाते में एक करोड़ रुपये होने की चर्चा सुनी थी लेकिन जब उन्हें उसके खाते में बड़ी रकम नहीं मिली तो उन्होंने उसके दोस्तों से संपर्क कर 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी। इसी बीच पुलिस सक्रिय हुई तो आरोपियों ने गौरव व गौरवेंद्र को छोड़ दिया। सोनू को वे लोग अपने साथ ले गए और झुमका तिराहे पर छोड़कर बाकी सभी फरार हो गए। इंस्पेक्टर अभिषेक सिंह ने बताया कि सोनू, आकाश और इस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में टीमें लगी हुई हैं। दिविज को जेल भेज दिया गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




