ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशजिले की सीमा से दूर हुआ टिड्डी दल, किसानों को राहत

जिले की सीमा से दूर हुआ टिड्डी दल, किसानों को राहत

तीन दिन फसलों पर कहर मचाने के बाद टिड्डी दल अब उत्तराखंड की सीमा में आगे बढ़ गया है। इससे किसानों को काफी राहत मिली है। हालांकि एहतियातन सीमाओं पर कृषि विभाग की निगरानी जारी है। किसान भी फसलों की...

जिले की सीमा से दूर हुआ टिड्डी दल, किसानों को राहत
हिन्दुस्तान टीम,बरेलीMon, 20 Jul 2020 08:52 PM
ऐप पर पढ़ें

तीन दिन फसलों पर कहर मचाने के बाद टिड्डी दल अब उत्तराखंड की सीमा में आगे बढ़ गया है। इससे किसानों को काफी राहत मिली है। हालांकि एहतियातन सीमाओं पर कृषि विभाग की निगरानी जारी है। किसान भी फसलों की रखवाली में जुटे हुए हैं।

लखीमपुर और पीलीभीत के रास्ते शुक्रवार को टिड्डी दलों ने जिले की सीमा में घुसपैठ की थी। करीब 24 घंटे तक जिले की सीमा में रही टिड्डियों ने दर्जनभर से ज्यादा गांव में फसलों को आंशिक नुकसान पहुंचाया था। इस दौरान प्रशासन की कारवाई के दौरान लाखों की संख्या में टिड्डीयां मार दी गई। शेष बची टिड्डियां रामपुर की ओर उड़ गई। हालांकि रविवार को एक बार फिर यह वापस हुई मगर किसानों की सक्रियता और हवाओं की दिशा मिलने से यह उत्तराखंड की ओर चली गई। जिले की सीमाओं से दूर जाने के बावजूद सोमवार को पूरे दिन कृषि विभाग अलर्ट रहा। कंट्रोल रूम और फील्ड स्टाफ के जरिए सोमवार को दिनभर फसलों की निगरानी की गई। हालांकि पूरा दिन इनके वापस न आने से किसानों के साथ अधिकारियों ने राहत की सांस ली। जिला कृषि अधिकारी धीरेंद्र सिंह चौधरी ने बताया उत्तराखंड प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार यह दल अब नेपाल की ओर बढ़ गया है। ऐसे में फिलहाल खतरा कुछ कम हुआ है। हालांकि यह अभी पूरी तरह से टला नहीं है। मौसम में बदलाव होने पर यह वापस भी हो सकता है। ऐसे में लगातार निगरानी की जा रही है।

हवाओं की दिशा उत्तर-पूर्व की ओर होने से हाल-फिलहाल कोई खतरा नहीं है। फील्ड स्टाफ को अलर्ट रखा गया है। मंडल के आसपास अब कोई दल सक्रिय नहीं है।

- अशोक कुमार, उपनिदेशक कृषि

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें