किसानों के सामने तेंदुए ने गाय पर किया हमला, दहशत
फरीदपुर के एक गांव में खेत में रखवाली कर रहे किसानों के सामने तेंदुए ने गाय पर हमला कर दिया। तेंदुए को देख किसान मौके से भाग निकले। ग्रामीणों ने वन...
फरीदपुर के एक गांव में खेत में रखवाली कर रहे किसानों के सामने तेंदुए ने गाय पर हमला कर दिया। तेंदुए को देख किसान मौके से भाग निकले। ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी। वन विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय के रेंजर ने पुलिस टीम के साथ इलाके में कांबिंग की। कई जगह तेंदुए के पदचिह्न दिखाई दिए लेकिन वन विभाग भेड़िए के पदचिह्न होने का दावा कर रही है। रेंजर ने तीन दिन के लिए एक टीम गश्त के लिए तैनात की है।
चठियाफैजू गांव बहगुल नदी के किनारे बसा है। ग्रामीणों ने बताया कि इन दिनों धान की कटाई चल रही है। शुक्रवार रात गांव के जयपाल और उनके साथी किसान खेत में धान की कटाई कर रहे थे। उन्होंने कुछ ही दूरी पर गाय के चीखने की आवाज सुनी। ग्रामीणों ने देखा तो तेंदुआ गाय पर हमला करके भाग रहा था। तेंदुए को देख ग्रामीण दहशत में आ गए और गांव की ओर भाग निकले। उन्होंने अन्य ग्रामीणों को सूचना दी। इसके बाद प्रधान मनोज कुमार के साथ सैकड़ों गांव के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने वन विभाग के रेंजर मुकेश कांडपाल को सूचना दी। रेंजर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। गांव के साथ वन विभाग की टीम ने गन्ने के खेतों में कांबिंग की लेकिन तेंदुआ नहीं मिला। कई जगह पदचिह्न देखे गए। हालांकि वन विभाग ने भेड़िए के पदचिह्न होने का दावा किया। तेंदुआ होने के शक में रेंजर ने वन विभाग की टीम को तीन दिन के लिए गश्त करने के लिए तैनात कर दिया। रेंजर मुकेश कांडपाल ने बताया कि वन विभाग की टीम तीन दिन गांव में रहकर गश्त करेगी। ग्रामीणों को सावधान रहने के लिए कहा गया है। तेंदुए की पुष्टि होने के बाद पिंजरा लगाया जाएगा।