मज़दूर की पत्नी ने ठेकेदार के खिलाफ पुलिस को दी तहरीर
Bareily News - हाफिजगंज। ठेकेदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाने के लिए मज़दूर की पत्नी ने थाना हाफिजगंज में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की।

हाफिजगंज। आर्थिक तंगी में मजदूर के आत्महत्या करने के मामले में पत्नी ने ठेकेदार के खिलाफ हाफिजगंज थाने में तहरीर दी है। ठेकेदार पांच मजदूरों को आंध्र प्रदेश ले गया था। जहां फैक्ट्री मालिक के हवाले करके ढाई लाख रुपये लेकर फरार हो गया था। आत्महत्या करने वाले दीपांकर के ठेकेदार पर मजदूरी के 56 हजार रुपये आ रहे थे। मामले में पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है। हाफिजगंज थाना क्षेत्र के गांव मटकुला निवासी वीना देवी के मुताबिक उनके पति दीपांकर मिश्रा को 12 दिसंबर 2025 को ठेकेदार 800 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से आंध्रप्रदेश में मजदूरी कराने के लिए ले गया था।
गांव के चार अन्य लोग भी पति के साथ गए थे। पति ने करीब 70 दिन सीमेंट फैक्ट्री में काम किया। उनके मजदूरी के करीब 56 हजार रुपये बने थे, लेकिन ठेकेदार फैक्ट्री मालिक से पांचों मजदूरों के ढाई लाख रुपये फरार हो गया था। आंध्र प्रदेश से लौटने के बाद मजदूरों ने थाना पुलिस को तहरीर दे ठेकेदार से रुपये दिलाने की गुहार लगाई, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद उन्होंने जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत की। बताया कि उन्होंने ठेकेदार को कॉल करके होली पर बच्चों के लिए कपड़े और अन्य सामान खरीदने के लिए रुपये मांगे। इस पर उसने पांच हजार रुपये खाते में डालने की बात कही। ठेकेदार के आश्वासन पर पति हरहरपुर मटकली में जनसेवा केंद्र पर रुपये निकालने गए तो काफी देर इंतजार के बाद भी ठेकेदार ने रुपये नहीं भेजे। त्योहार पर रुपये न मिलने से वह मानसिक रूप से काफी परेशान थे। वहां से घर लौटते समय रास्ते में चकरोड किनारे जामुन के पेड़ से फंदा लगाकर जान दे दी। पत्नी ने ठेकेदार की वजह से आत्महत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। थाना प्रभारी प्रवीन सोलंकी ने बताया कि मामले में हर पहलु पर जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस कार्रवाई करती तो जिंदा होते दीपांकर आंध्रप्रदेश में दो महीने से ज्यादा मजदूरी करने पर जब मजदूरों ने फैक्ट्री मालिक से रुपये मांग तो उन्हें ठेकेदार की करतूत का पता चला। इसके बाद सभी मजदूर घरवालों से रुपये मंगाकर जैसे-तैसे आंध्र प्रदेश से घर लौटे। इसके बाद उन्होंने हाफिजगंज थाने जाकर ठेकेदार के खिलाफ तहरीर दी, लेकिन तहरीर पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद दीपांकर ने जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत की फिर भी ठेकेदार के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई, इससे दीपांकर हर तरफ से नाउम्मीद हो गए। उधर जेब में पैसा न होने और त्योहार नजदीक आने पर वह टूट गए और जान दे दी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


