आर्थिक तंगी से परेशान मजदूर ने की आत्महत्या
Bareily News - आर्थिक तंगी से जूझते श्रमिक दिपांकर मिश्रा ने ठेकेदार द्वारा रुपये न देने और पत्नी से झगड़े के कारण आत्महत्या कर ली। उसके पास होली का सामान खरीदने के लिए पैसे नहीं थे। सुसाइड नोट में उसने 30 हजार रुपये का कर्जा और ठेकेदार की लापरवाही का जिक्र किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

आर्थिक तंगी से जूझ रहे श्रमिक ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। होली का सामान खरीदने के लिए भी उसके पास रुपये नहीं थे लेकिन ठेकेदार ने वादा करने के बावजूद भुगतान नहीं किया। सुसाइड नोट में उसने ठेकेदार पर रुपये न देने का आरोप लगाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस जांच कर रही है। थाना हाफिजगंज के गांव मटकुला निवासी वीना देवी ने बताया कि उनके पति 26 वर्षीय दिपांकर मिश्रा पिछले माह एक ठेकेदार के कहने पर गांव के अन्य चार लोगों के साथ मजूदरी करने आंध्र प्रदेश गए थे। मजदूरी के बाद जब उन्होंने फैक्ट्री मालिक से रुपये मांगे तो उसने बताया कि ठेकेदार मार्च तक का ढाई लाख रुपये का भुगतान ले गया है।
इसके बाद मजदूरों ने ठेकेदार से बात की लेकिन वह टाल-मटोल करता रहा। वहां से मजदूर जैसे-तैसे घर लौटे। इधर, दिपांकर आर्थिक तंगी से जूझ रहा था और सोमवार को पत्नी ने होली का सामान व कपड़े लेकर आने को कहा। दिपांकर ने रुपये न होने की बात कही तो उसकी पत्नी ने ठेकेदार को फोन कराकर सामान खरीदने के लिए रुपये मांगे। ठेकेदार ने खाते में पांच हजार रुपये डालने का आश्वासन दिया। इसके बाद दिपांकर मिश्रा रुपये निकालने जनसेवा केंद्र हरहरपुर मटकली गए लेकिन ठेकेदार ने रुपये नहीं भेजे। इसके बाद शाम को वहां से लौटते समय चकरोड किनारे लगे एक पेड़ पर फंदा लगाकर दिपांकर ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाया तो मृतक की जेब से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ। सुसाइड नोट में लिखा गांववालों का 30 हजार कर्जा हो गया अपने सुसाइड नोट में दिपांकर ने लिखा कि उस पर गांव वालों के सामान का करीब 30 हजार का कर्जा हो गया है और ठेकेदार रुपये नहीं दे रहा है। इसमें उसने पत्नी से झगड़े का जिक्र भी किया है कि पत्नी भी उसे धमकी दे रही है, जिससे वह परेशान है। मृतक की पत्नी वीना ने बताया कि होली के त्योहार पर सामान खरीद के लिए रुपये न होने पर पति काफी परेशान थे। मिन्नतें करने पर भी ठेकेदार ने रुपये नहीं दिए, जिससे परेशान होकर उसके पति ने आत्महत्या कर ली है। इंस्पेक्टर प्रवीन सिंह सोलंकी ने बताया कि परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। सुसाइड नोट मिला है। मामले की जांच की जा रही है। दो बाद शिकायत लेकिन नहीं हुई कार्रवाई दिपांकर के परिजन का कहना है कि सभी मजदूरों ने ठेकेदार के खिलाफ 24 फरवरी को थाना हाफिजगंज में तहरीर दी। उधर, दिपांकर मिश्रा ने 26 फरवरी को जनसुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने ठेकेदार को बुलाया लेकिन वह थाने तक नहीं गया। इससे परेशान होकर दिपांकर ने खुदकुशी कर ली। दिपांकर का परिवार अति निर्धन है। उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। उसका छोटा भाई है जो मजदूरी करता है। दिपांकर के तीन बेटे और एक बेटी है। मृतक की जेब से सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने पत्नी और ठेकेदार दोनों का ही जिक्र किया है। मामले की जांच कराई जा रही है। उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। अभी मृतक के परिवार वालों ने कोई तहरीर नहीं दी है। - मुकेश चंद्र मिश्र, एसपी नॉर्थ
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


