Bareily News: परिवहन विभाग में नौकरी के नाम पर पांच लाख की ठगी
Bareily News: बरेली में परिवहन विभाग में डेटा इंट्री ऑपरेटर की नौकरी दिलाने के नाम पर पांच लाख रुपये की ठगी की गई। अमन अग्रवाल ने आरोप लगाया है कि उन्हें पैसे देकर नौकरी दिलाने का झांसा दिया गया और वेतन भी नहीं मिला। उन्होंने बारादरी थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

Bareily News: बरेली। परिवहन विभाग में डेटा इंट्री ऑपरेटर के पद पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर पांच लाख रुपये की ठगी की गई। साथ ही दलाली करके हिस्सा देने का भी दबाव बनाया गया। इस मामले में परिवहन विभाग की रिटायर महिला अधिकारी समेत सात आरोपियों पर बारादरी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। प्रेमनगर के मोहल्ला शाहबाद निवासी अमन अग्रवाल का कहना है कि आरटीओ ऑफिस में कार्यरत निखिल शर्मा ने उन्हें डेटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर भर्ती होने की जानकारी देते हुए लखनऊ में प्रोजेक्ट मैनेजर श्याम मोहन अग्निहोत्री एवं एक रिटायर महिला अधिकारी से मिलने को कहा। वह दोनों लोगों से लखनऊ में मिले तो नौकरी के लिए पांच लाख रुपये सिक्योरिटी मनी जमा करने को कहा गया। इस पर 10 नवंबर 2025 को उन्होंने लखनऊ में दोनों को यह रकम दे दी। इसके बाद उन्हें नियुक्ति का आश्वासन देकर 20 हजार रुपये वेतन बताया गया। पांच दिसंबर 2025 को मैसर्स सिल्वर टच टेक्नोलॉजी की ओर से डेटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर आरटीओ ऑफिस बरेली में तैनाती संबंधी ई-मेल भेजा गया तो आठ दिसंबर को उन्होंने कार्यभार ग्रहण कर लिया।
वेतन नहीं मिलने की शिकायत पर धमकी
अमन का आरोप है कि जब उन्हें जनवरी में वेतन नहीं मिला तो उन्होंने श्याम मोहन अग्निहोत्री से जानकारी मांगी और सिक्योरिटी मनी की रसीद के बारे में भी पूछा। इस पर श्याम मोहन ने कहा कि वह रकम नौकरी लगवाने के बदले ली गई थी। विरोध करने पर श्याम मोहन, निखिल शर्मा, विकास यादव, शैलेन्द्र, हारून अंसारी और विमल पाठक ने गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। साथ ही उन पर लोगों से रिश्वत लेकर रकम देने पर ही वेतन मिलने की बात कही। अमन का यह भी आरोप है कि 20 हजार रुपये की नौकरी का झांसा देकर उन्हें सिर्फ 11,605 रुपये ही दिए गए। उन्होंने अधिकारियों से शिकायत की तो वेतन रोक दिया गया। इस पर उन्होंने धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए सभी आरोपियों के खिलाफ बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।


