कैनविज के एमडी पर दो अन्य रिपोर्ट, 660 करोड़ की ठगी का आरोप

कैनविज के एमडी पर दो अन्य रिपोर्ट, 660 करोड़ की ठगी का आरोप

संक्षेप:

Bareily News - बरेली में कैनविज चिटफंड कंपनी के एमडी कन्हैया गुलाटी और अन्य अधिकारियों के खिलाफ 660 करोड़ रुपये की ठगी के दो नए मुकदमे दर्ज हुए हैं। निवेशकों ने प्लॉट खरीदने और ब्याज का झांसा देकर करोड़ों रुपये ठगे जाने की शिकायत की है। इससे पहले भी छह मुकदमे दर्ज हो चुके हैं।

Dec 10, 2025 02:34 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, बरेली
share

बरेली। निवेशकों के करोड़ों रुपये लेकर फरार हुई कैनविज चिटफंड कंपनी के एमडी कन्हैया गुलाटी समेत अन्य पदाधिकारियों के खिलाफ थाना बारादरी में दो और मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। इनमें प्लॉट व अन्य योजनाओं के नाम पर करीब 660 करोड़ रुपये की ठगी का आरोप लगाया गया है। पहली रिपोर्ट महानगर में उज्जवल कॉलोनी की रहने वाली अंजू गुप्ता ने शाहदाना निवासी कंपनी के एमडी कन्हैया गुलाटी और सीईओ आशुतोष श्रीवास्तव पर लिखाई है। आरोप है कि उन्होंने अंधरपुरा में कैनिवज विलीस वैली में वर्ष 2015 में एक प्लॉट खरीदा था, जिसे दो साल में बीडीए से स्वीकृत कराकर साइट विकसित करने का झांसा दिया था।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

वह 10.03 लाख रुपये जमा कर चुकी हैं, लेकिन दस साल बीतने पर भी वहां कोई कार्य नहीं किया गया। हर बार उन्हें टाल दिया गया और अब कंपनी के हेड ऑफिस पर ताला पड़ा है। जब उन्होंने लोगों से जानकारी की तो पता चला कि कंपनी ने सभी साइट पर करीब तीन हजार प्लॉट बेचकर 60 करोड़ रुपये का चूना लगाया है। उनकी जानकारी में आया है कि आरोपियों ने कंपनी की अन्य योजनाओं से भी करीब 600 करोड़ रुपये की ठगी की है। इस मामले में उन्होंने एसएसपी से शिकायत कर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पांच प्रतिशत मासिक ब्याज का झांसा देकर दस लाख ठगे दूसरी रिपोर्ट बदायूं में सिविल लाइंस की आदर्श नगर कॉलोनी निवासी शिवकुमार गुप्ता ने एमडी कन्हैया गुलाटी, केसरपुर निवासी रियासत हुसैन और महानगर निवासी सीनियर जितेंद्र पटेल पर दर्ज कराई है। आरोप है कि उनसे 22 जनवरी को पांच-पांच लाख रुपये की दो पॉलिसी में कैनविज इंफ्रा और कुशाग्र हैबिटेट में निवेश कराया। हर महीने टीडीएस काटकर पांच प्रतिशत की दर से 20 महीने तक ब्याज और 21वें महीने पूरी रकम लौटाने का वादा किया। मगर कुशाग्र की तीन और कैनविज की दो किश्तें मिलने के बाद भुगतान आना बंद हो गया। फिर आरोपियों ने फोन उठाना बंद कर दिया और निवास भी बदल दिया। इससे वह अवसाद में आ गए और उन्होंने डीआईजी से शिकायत कर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पहले भी दर्ज हो चुके हैं छह मुकदमे कैनविज के कन्हैया गुलाटी समेत अन्य पर चार मुकदमे पहले भी दर्ज हो चुके हैं। एक मुकदमा दिल्ली के सोनिया विहार निवासी ओंकारनाथ ने 60-70 लोगों से ठगी का लिखाया। दूसरा मुकदमा कैंट निवासी धर्मदास गुप्ता ने 6.86 लाख की ठगी का लिखाया। तीसरा मुकदमा एलआईसी की महिला एजेंट जाटवपुरा महावीर इन्क्लेव निवासी मीरा गुप्ता ने 1.35 करोड़ की ठगी का लिखाया। चौथा मुकदमा खुशबू इन्क्लेव निवासी मोहम्मद वासित मलिक ने आठ लाख रुपये की ठगी के आरोप में दर्ज कराया और चौथा पवन विहार निवासी अमित कुमार ने 12 लाख रुपये की ठगी के आरोप में दर्ज कराया। एक अन्य मामला दो साल पहले भी दर्ज कराया था।