हुरियारों की हुड़दंग के बीच धूमधाम से निकली नरसिंह भगवान की शोभायात्रा

Mar 04, 2026 01:25 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, बरेली
share

Bareily News - मंगलवार को चाहबाई क्षेत्र में श्री नरसिंह भगवान की भव्य शोभायात्रा का आयोजन हुआ, जिसमें भक्तों ने उत्साह से भाग लिया। यात्रा का शुभारंभ प्रेम नगर थानाध्यक्ष ने किया। रंगों और संगीत के साथ भक्तिमय माहौल बना। यह परंपरा 1952 से चली आ रही है और सुरक्षा के लिए पुलिस व प्रशासन की टीम तैनात रही।

हुरियारों की हुड़दंग के बीच धूमधाम से निकली नरसिंह भगवान की शोभायात्रा

आस्था, उल्लास और परंपरा का अद्भुत संगम मंगलवार को चाहबाई क्षेत्र में देखने को मिला, जब प्राचीन श्री नरसिंह भगवान की भव्य शोभायात्रा पूरे धार्मिक जोश के साथ निकाली गई। भगवा ध्वज दिखाकर यात्रा का शुभारंभ प्रेम नगर थानाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने किया। पूजन-अर्चन के बाद जैसे ही शोभायात्रा आगे बढ़ी, ढोल-नगाड़ों की गूंज से पूरा इलाका भक्तिमय हो उठा। होली के गीतों पर लोग जमकर झूमे और अबीर-गुलाल की खुशबू से शोभायात्रा का रास्ता महक उठा। शोभायात्रा का शुरुआत समिति के अध्यक्ष पंडित विजय शर्मा (मन्नू महाराज) ने भगवान नरसिंह के विधि-विधान से पूजन और आरती से की। आरती के बाद भगवान को रथ पर विराजमान कर यात्रा को रवाना किया गया।

शोभायात्रा में राधा-कृष्ण, श्री राम दरबार, भारत माता, भोलेनाथ, हनुमान जी व मां दुर्गा समेत अन्य देवी-देवताओं की मनमोहक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। शोभायात्रा में सबसे आगे हुरियारों की टोली ट्रॉलों पर रंगभरे ड्रमों से लोगों पर रंगों की बौछार कर रही थी। जवाब में लोगों ने घरों की छतों से हुरियारों पर जमकर रंग की बौछार की। शोभायात्रा में अध्यक्ष पंडित विजय मन्नू महाराज, अनुराग अग्रवाल, नीरू भारद्वाज, राहुल ठाकुर, गोविंद पटवा, मनीष पाठक, हनी शुक्ला आदि रहे। 1952 से चालू परंपरा लगातार है जारी समिति के अध्यक्ष ने बताया कि वर्ष 1952 में पंडित राम गोपाल द्वारा यह परंपरा शुरू की गई थी, जिसे आज भी निभाया जा रहा है। हर साल यह शोभायात्रा रामबारात के साथ ही निकाली जाती है, लेकिन इस वर्ष ये राम बारात के अगले दिन निकाली गई। शोभायात्रा चाहबाई से शुरू होकर बानखाना चौराहा, गुलाब नगर बजरिया, काली मंदिर, कोहाड़ापीर, कुतुबखाना, पुराना रोडवेज और बरेली कॉलेज गेट होते हुए आगे बढ़ी। इसके बाद कालीबाड़ी, श्यामगंज, साहू गोपीनाथ मार्ग और शिवाजी मार्ग से गुजरते हुए यात्रा दोवारा चाहबाई पहुंचकर संपन्न होगी। सुरक्षा के लिहाज से यात्रा मार्ग पर पुलिस, प्रशासन, सिविल डिफेंस की टीमे तैनात रही। शोभायात्रा में युवाओं ने की मस्ती नरसिंह भगवान शोभायात्रा के युवाओं ने अलग-अलग भेष धारण किए हुए दिखे। कोई डॉक्टर, कोई मरीज तो किसी ने कट्टे के बनी ड्रेस पहनी। कई युवक हाथ के झाडू लेकर निकले। शोभायात्रा के दौरान रंगों की गुब्बारे खूब चले। हुरियारों ने सड़क से निकलने वालों को लोगों पर भी रंगो की बौछार की। नाथ नगरी जलाभिषेक समिति ने किया स्वागत नाथनगरी बरेली जलाभिषेक समिति की ओर से कोतवाली के पास नरसिंह भगवान की शोभायात्रा पर फूलों की वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। अबीर गुलाल रंगों के सरोवर लोग जमकर झूमे। इस दौरान अध्यक्ष बृजवासी लाल अग्रवाल, आशुतोष अग्रवाल, मनोज देवल, अनूप अग्रवाल, रोहित, धर्मेश अग्रवाल, रोहित पंकज आदि मौजूद रहे। जगह-जगह फूलों की बरसात, आरती से हुआ स्वागत शोभायात्रा श्री चित्रगुप्त मंदिर, चाहवाई से शुरू होकर बानखाना, घोसियान मस्जिद, श्री गौरी शंकर मंदिर गुलाब नगर, बजरिया, श्री अग्रसेन विद्यालय, अलका होटल, दयानंद चौक, नॉवल्टी रोड, पुराना रोडवेज, श्री काली मंदिर श्यामगंज, गोपीनाथ, मठ की चौकी, शिवाजी मार्ग और महादेव सेतु होते हुए पुनः आरंभ स्थल चाहबाई पहुंची, जहां यात्रा का विश्राम हुआ। रास्ते भर क्षेत्रवासियों ने पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया और श्रद्धा भाव से आरती उतारी। श्रद्धालुओं की भीड़ यात्रा के साथ कदमताल करती रही। कालीबाड़ी में दिखा जोश, युवाओं ने की मोर्चाबंदी नॉवल्टी रोड के बाद कालीबाड़ी क्षेत्र में भक्तों का जोश देखते ही बना। यहां युवाओं ने पारंपरिक ढंग से मोर्चाबंदी कर यात्रा का स्वागत किया। हापुड़ के गुलाल व पुष्प वर्षा यहां पर प्रेशर मशीन से की गई। जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा और श्रद्धालु देर तक धार्मिक उत्साह में सराबोर रहे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।