
मंडल के 179 स्वास्थ्य केंद्रों पर टायलेट तो 228 केंद्रों पर नहीं साफ पीने का पानी
Bareily News - बरेली के स्वास्थ्य केंद्रों की स्थिति बेहद खराब पाई गई है। निरीक्षण में 649 अस्पतालों में से 179 में शौचालय और 228 में पीने का पानी नहीं मिला। अग्निशमन उपकरण भी नहीं थे। शासन ने सीएमओ को सुधार के निर्देश दिए हैं। मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बरेली। स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं के सरकारी दावों की पोल खुल गई है। शासन से आई टीम की रिपोर्ट ने मंडल के सैकड़ों राजकीय अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्र बदहाल मिले। यहां बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव मिला जिससे मरीजों और तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब शासन ने इस रिपोर्ट का संज्ञान लेकर सभी जिलों के सीएमओ को व्यवस्था दुरुस्त कराने का निर्देश दिया है। मंडल के चारों जिलों-बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर में शासन के निर्देश पर आई टीम ने कुल 649 अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया था। जांच में 179 स्वास्थ्य केंद्रों पर शौचालय की व्यवस्था तक ठीक नहीं मिली है, जबकि 228 केंद्रों पर पीने के पानी की सुविधा उपलब्ध नहीं है।
यह स्थिति तब है, जब स्वास्थ्य केंद्रों पर सुविधाओं को सुधारने के लिए लगातार शासन स्तर से निर्देश और बजट दिया जा रहा है। बरेली जिले में 22, बदायूं में 49, पीलीभीत में 15 और शाहजहांपुर में सबसे अधिक 93 स्वास्थ्य केंद्र ऐसे हैं, जहां टॉयलेट की सुविधा नहीं है। वहीं साफ पीने के पानी की समस्या बरेली के 51, बदायूं के 72, पीलीभीत के 18 और शाहजहांपुर के 87 स्वास्थ्य केंद्रों पर पाई गई। इन केंद्रों पर आने वाले मरीजों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशनी का सामना करना पड़ता है। अग्निशमन सिलेंडर भी नहीं मिले रिपोर्ट में अग्नि सुरक्षा को लेकर भी लापरवाही उजागर हुई है। मंडल के 611 अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों पर अग्निशमन उपकरण तक उपलब्ध नहीं पाए गए। ऐसे में किसी भी आपात स्थिति में बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। मरीज और तीमारदारों के लिए शिकायत बाक्स भी नहीं मिले हैं। रिपोर्ट के अनुसार मंडल के 503 स्वास्थ्य केंद्रों पर शिकायत दर्ज कराने के लिए कंप्लेन बॉक्स तक नहीं लगाया गया है। इस रिपोर्ट के बाद शासन स्तर से जिलों के मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश जारी किया गया है। प्राथमिकता के आधार पर टॉयलेट, पेयजल और अग्निशमन उपकरणों की व्यवस्था करने को कहा गया है। - डॉ. तेजपाल, एडी हेल्थ ------- मंडल के खराब मिले राजकीय स्वास्थ्य केंद्रों का हाल जिला (केंद्र) साफ पेयजल नहीं टायलेट नहीं अग्निशमन उपकरण नहीं बरेली (93) 51 22 169 बदायूं (116) 72 49 166 पीलीभीत (54) 18 15 75 शाहजहांपुर (174) 87 93 201

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




