उत्तराखंड में 1.47 करोड़ की जीएसटी चोरी से हुआ भंडाफोड़

Jan 06, 2026 02:27 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, बरेली
share

Bareily News - अमित गुप्ता ने हवाला की रकम छिपाने के लिए कई बोगस फर्में बनाई और शब्बू के नाम पर बैंक खाता खोला। जीएसटी विभाग के नोटिस से उसकी योजना का भंडाफोड़ हुआ। पुलिस ने 23.65 करोड़ रुपये के लेनदेन के सबूत के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच जारी है।

उत्तराखंड में 1.47 करोड़ की जीएसटी चोरी से हुआ भंडाफोड़

शातिर दिमाग अमित गुप्ता ने हवाला की रकम खपाने के लिए बढ़िया प्लान तैयार किया था। इसके लिए उसने न सिर्फ शब्बू के नाम पर खुलवाए बैंक खाता (म्यूल अकाउंट) का इस्तेमाल किया, बल्कि उसके नाम पर फर्म पंजीकृत कराकर मेंथा कारोबारी भी बना दिया। रकम के लेनदेन के लिए अपने और करीबियों के नाम पर पंजीकृत 12 बोगस फर्म का इस्तेमाल किया, मगर उत्तराखंड से आए जीएसटी विभाग के एक नोटिस ने उसके काले कारोबार का भंडाफोड़ कर दिया और उसे अपने साथी समेत जेल जाना पड़ा। एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने बताया कि शब्बू के दस्तावेज प्राप्त कर उसके नाम पर वर्ष 2022 में शाहिद व अमित ने बैंक खाते खुलवाए और संचालन के लिए उनकी पासबुक, चेकबुक, डेबिट कार्ड आदि अपने पास रख लिए।

इस तरह के खातों को म्यूल अकाउंट कहा जाता है। एचडीएफसी बैंक में खुलवाए शब्बू के खाते में शाहजहांपुर निवासी सरगना नीतू के इशारे पर अमित गुप्ता पैसों का लेनदेन करता था। इसके लिए कई फर्मों का इस्तेमाल किया गया था, जिनमें से करीब 12 फर्म की जानकारी सामने आ चुकी है। इसी खाते के जरिये उत्तराखंड में भी लेनदेन किया गया, मगर जीएसटी फर्जीवाड़े में मामला फंस गया। इस पर हल्द्वानी जीएसटी विभाग के डिप्टी कमिश्नर ने एक करोड़ 47 लाख 56 हजार 888 रुपये का नोटिस भेजकर अकाउंट फ्रीज करा दिया। हालांकि उसके खाते में कोई रकम नहीं थी, लेकिन नोटिस मिलने से शब्बू टेंशन में आ गया और उसने पुलिस से शिकायत की, जिस पर पूरे मामले का भंडाफोड़ हो गया। पूरे मंडल में एक ही पैटर्न पर पंजीकृत कराईं फर्म हवाला कारोबार के लिए अमित ने ज्यादातर बोगस फर्म एक ही पैटर्न पर पंजीकृत कराईं। शब्बू के समुदाय विशेष से होने के बावजूद उसके नाम पर भुता में सत्य साहब नाम से फर्म पंजीकृत कराई। अपने नाम पर बदायूं के दातागंज में महावीर ट्रेडर्स, चचेरे भाई विजय के नाम पर तिलहर में महाकाल ट्रेडर्स, दूसरे चचेरे भाई सुमित के नाम पर फरीदपुर में पढ़ेरा रोड पर सुमित ट्रेडर्स जैसी कई फर्म पंजीकृत करा रखी हैं। इनमें से करीब 12 फर्म की पुलिस को जानकारी मिल चुकी है, जिनकी जांच की जा रही है। मेंथा कारोबार के नाम पर पंजीकृत सभी फर्में हवाला कारोबार में इस्तेमाल होने वाली सभी फर्में मेंथा कारोबार के लिए पंजीकृत कराई गई हैं। मगर जब पुलिस ने जांच की तो इनमें से किसी भी फर्म का कहीं भी मेंथा कारोबार होने की पुष्टि नहीं हुई। ऐसे में पुलिस उन सभी बैंक खातों और फर्मों की जांच कर रही है, जिनके जरिये लेनदेन किया गया है क्योंकि इसमें शब्बू की तरह ही अन्य व्यक्तियों के नाम पर अन्य स्थानों पर भी हवाला कारोबार होने की आशंका जताई जा रही है। कॉल डिटेल से नेटवर्क की होगी जांच पुलिस का कहना है कि हवाला कारोबार करने वाले गैंग का उत्तराखंड कनेक्शन सामने आ चुका है। इसके अलावा मंडल के बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर का भी कनेक्शन जुड़ चुका है। एक ही खाते में 23.65 करोड़ रुपये के लेनदेन के साक्ष्य मिले हैं। ऐसे में यह हवाला कारोबार काफी बड़ा होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। इसके तार प्रदेश के अन्य जिलों से लेकर नेपाल तक फैले होने की आशंका जताई जा रही है। हर बिंदु पर पुलिस जांच कर रही है। मामले की तह तक पहुंचने के लिए गिरफ्तार दोनों आरोपियों की कॉल डिटेल की जांच कराई जा रही है। हवाला कारोबार से जुड़े दो व्यक्तियों को गिरफ्तार करके जेल भेजा गया है। भुता निवासी एक सामान्य आदमी के खाते में 23.65 करोड़ रुपये के लेनदेन के साक्ष्य मिले हैं। गिरोह का नेटवर्क काफी बड़ा होने की आशंका है, जिसको लेकर पुलिस टीमें जांच करने में जुटी हैं। शाहजहांपुर निवासी गैंग के सरगना की भी तलाश हो रही है। - अंशिका वर्मा, एसपी साउथ मेंथा के बरामद बिलों में भी फर्जीवाड़ा आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने मेंथा कारोबार से बोगस फर्मों से जुड़े कई बिल भी बरामद किए हैं। इन सभी में फर्जीवाड़ा होने की जानकारी सामने आई है। इनमें से एक बिल में 12 ड्रम मेंथा ऑयल की कीमत 31 लाख और दूसरे बिल में 19 ड्रम की कीमत 47 लाख रुपये बताई गई है। एक अन्य बिल 65 लाख रुपये का है लेकिन इसमें मेंथा ऑयल की मात्रा का कोई उल्लेख नहीं किया गया है। पुलिस इन सभी बिलों का भी सत्यापन करा रही है। साथ ही फर्मों के पते का भी सत्यापन कराया जा रहा है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।