जनसमस्याओं को लेकर भगवत शरण ने निकाला पैदल मार्च, कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन
सपा के पूर्व मंत्री भगवत शरण गंगवार ने नवाबगंज क्षेत्र के किसानों की समस्याओं को लेकर गांधी प्रतिमा तक पैदल मार्च किया और धरना दिया। उन्होंने किसानों के बकाया भुगतान और स्वास्थ्य सेवाओं के मुद्दों को उठाया। यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो उन्होंने बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी दी।

सपा के पूर्व मंत्री भगवत शरण गंगवार ने शुक्रवार को जनसमस्याओं को लेकर अपने आवास से चौकी चौराहे स्थित गांधी प्रतिमा तक पैदल मार्च निकाला। यहां उन्होंने एक घंटे तक सांकेतिक धरना दिया। इस दौरान सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। धरने के बाद भगवत शरण पार्टी नेताओं के साथ कमिश्नरी पहुंचे और मंडलायुक्त को ज्ञापन सौंपकर नवाबगंज क्षेत्र की समस्याओं के समाधान की मांग की। पूर्व मंत्री भगवत शरण ने कहा कि नवाबगंज क्षेत्र के किसानों का चीनी मिलों में कई सत्रों का करोड़ों रुपये भुगतान लंबित है। भुगतान न मिलने से किसान परेशान हैं। उन्होंने बताया कि ओसवाल ओवरसीज लिमिटेड (नवाबगंज गन्ना मिल) पर किसानों का करीब 72 करोड़ रुपये व बहेड़ी चीनी मिल पर लगभग 138 करोड़ रुपये बकाया है।
छुट्टा पशुओं से किसान और गांव के लोगों को दिक्कत हो रही है। उन्होंने सरकारी अस्पतालों की बदहाल स्वास्थ्य सेवाएं और राजस्व विभाग में विरासत दर्ज कराने में रिश्वतखोरी जैसे मुद्दे भी उठाए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वह समर्थकों के साथ बड़ा आंदोलन करेंगे।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


