Bareily News: सैदापुर गांव टापू में तब्दील
Bareily News: बहगुल नदी पर बने बांध के कटने पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

Bareily News: फोटो... फरीदपुर फरीदपुर, संवाददाता। बहगुल नदी में जल स्तर बढ़ने के बाद सैदापुर गांव में बाढ़ का पानी घुस गया है। गांव के संपर्क मार्ग पर कई फीट पानी बह रहा है। एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह ने स्थलीय निरीक्षण करके बाढ़ खंड के अधिकारियों के साथ तहसील प्रशासन को युद्ध स्तर पर राहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने बैरिकेडिंग करके रास्ते को बंद किया हैफरीदपुर का सैदापुर गांव बहगुल नदी किनारे बसा हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कई दिनों से नदी में जलस्तर बढ़ रहा था। बुधवार की रात अचानक पानी गांव की सड़क से उतरकर बस्ती में पहुंच गया।
इसके बाद गांव में हाहाकार मच गया। तमाम लोग अपना घर छोड़कर ऊंजे स्थान पर चले गए। लोगों ने तहसील प्रशासन को सूचना दी। सोमवार को एडीएम प्रशासन टीम ने मौके का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि बांध लगभग 20 फीट तक कट जाने के कारण नदी का पानी सड़क पर बह रहा है। इससे मार्ग पूर्णतः अवरुद्ध हो गया है। एडीएम ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को स्थिति पर सतत निगरानी बनाए रखने तथा जनसुरक्षा के सभी आवश्यक उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभाग पूरी तरह सतर्क रहें तथा प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीणों को समय-समय पर आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए। पुलिस विभाग द्वारा मार्ग पर बैरीकेटिंग कर आवागमन प्रतिबंधित कर दिया गया है। ग्रामवासियों को सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से जलभराव वाले क्षेत्र में न जाने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी फरीदपुर विदुषी सिंह सहित राजस्व, पुलिस एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


